लफरा में 15 दिवसीय विशाल वृक्षारोपण पखवाड़े का आगाज
जिला पंचायत अध्यक्ष ने किया शुभारंभ
- हरियाली के साथ नशा मुक्ति का भी संदेश
- खैरमाई मंदिर प्रांगण में महाअभियान जारी
- थाना प्रभारी ने बताया ‘नशे से दूरी है जरूरी’
मंडला महावीर न्यूज 29. मंडला जिले के ग्राम लफरा स्थित पहाड़ी वाली खेरमाई माता मंदिर प्रांगण में जनकल्याण मंच के तत्वावधान में 18 जुलाई से ‘विशाल वृक्षारोपण पखवाड़ा महाअभियान’ की शुरुआत की गई है। इस 15 दिवसीय आयोजन का शुभारंभ शनिवार सुबह मंडला जिला पंचायत अध्यक्ष संजय कुशराम ने मंदिर प्रांगण में पौधा लगाकर किया। 
जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने किया पौधारोपण
अभियान के दूसरे दिन, रविवार 19 जुलाई को क्षेत्रीय जनपद सदस्य पारुल प्रसून पांडे, जबलपुर मेडिकल कॉलेज के पूर्व ए.एस. डॉ. आनंद मरावी और बम्हनी बंजर थाना प्रभारी सत्येंद्र रघुवंशी ने मंदिर प्रांगण में हिस्सा लिया और छायादार पौधे रोपे।

पहाड़ी को हरा-भरा बनाने का संकल्प
जनकल्याण मंच के राजेंद्र हरदहा ने बताया कि खैरमाई मंदिर प्रांगण में वृक्षों के अभाव के कारण छांव की कमी रहती है और पूरी पहाड़ी वीरान नजर आती है। इसे हरा-भरा बनाने के उद्देश्य से ही मंच ने इस पखवाड़े का आयोजन किया है। 15 दिनों तक चलने वाले इस अभियान में प्रशासनिक अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों को आमंत्रित किया जा रहा है, ताकि ग्रामीणों में पर्यावरण संरक्षण के प्रति व्यापक जागरूकता आ सके।
‘नशे से दूरी है जरूरी’ का दिया संदेश
वृक्षारोपण कार्यक्रम के दौरान पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ समाज सुधार का भी संदेश दिया गया। मौके पर उपस्थित ग्रामीणों को संबोधित करते हुए बम्हनी बंजर थाना प्रभारी सत्येंद्र रघुवंशी ने पुलिस द्वारा नशे के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान ‘नशे से दूरी है जरूरी’ के बारे में विस्तार से जानकारी दी और लोगों को नशामुक्त व स्वस्थ जीवन अपनाने के लिए जागरूक किया।
इस दौरान ग्राम सरपंच विमला मरावी, उप सरपंच हरिश्चंद्र चंद्रोल, ग्राम वरिष्ठ दशरथ चंद्रोल, शिव कुमार कार्तिकेय, राधे लाल धनगर, संजय तिवारी, भागवत हरदहा, राजु साहु, रमेश हरदहा उपस्थित रहे.










