दो बाइक की भिड़ंत, 5 घायल, 2 गंभीर रेफर

बीजाडांडी में दो बाइकों की जोरदार भिड़ंत, 5 लोग घायल

2 महिलाओं की हालत गंभीर

  • थाना प्रभारी अनीता कुडापे ने दिखाई तत्परता
  • सूझबूझ से घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाकर दिलाया इलाज

मंडला महावीर न्यूज 29. उदयपुर-बीजाडांडी थाना क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम बीजाडांडी में राधा कृष्ण मंदिर के समीप दो मोटरसाइकिलों की आपस में जोरदार टक्कर हो गई। इस सड़क हादसे में 5 लोग घायल हो गए हैं, जिनमें से 2 महिलाओं की हालत गंभीर बनी हुई है। गंभीर रूप से घायल दोनों महिलाओं को प्राथमिक उपचार के बाद बीजाडांडी अस्पताल से उच्च केंद्र के लिए रेफर कर दिया गया है, जबकि तीन अन्य को मामूली चोटें आई हैं।

लापरवाही से हुई दुर्घटना

जानकारी अनुसार यह घटना शाम करीब 4 बजे की है। एक मोटरसाइकिल सवार बीजाडांडी से उदयपुर की तरफ जा रहा था। इसी दौरान राधा कृष्ण मंदिर के पास पीछे से आ रहे एक अन्य बाइक सवार ने लापरवाही और तेज रफ्तार से गाड़ी चलाते हुए आगे वाली बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों बाइकों पर सवार सभी 5 लोग सड़क पर जा गिरे।

थाना प्रभारी की त्वरित कार्रवाई से मिला इलाज

सड़क दुर्घटना की सूचना मिलते ही बीजाडांडी थाना प्रभारी अनीता कुडापे ने तुरंत घटनास्थल पर पहुंचकर मोर्चा संभाला। उन्होंने मानवता और सूझबूझ का परिचय देते हुए सड़क पर पड़े घायलों को उठाया और बिना कोई देरी किए एंबुलेंस की मदद से सभी को अस्पताल पहुंचाया। थाना प्रभारी की इस त्वरित कार्रवाई की वजह से घायलों को समय रहते इलाज मिल सका।

फिलहाल, हादसे में घायल हुए लोगों के नामों और पतों के बारे में विस्तृत जानकारी उपलब्ध नहीं हो सकी है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।


Leave a Comment