पानी निकासी के लिए पुलिया साफ करा रहे सरपंच और ग्रामीणों पर मामला दर्ज

पानी निकासी के लिए पुलिया साफ करा रहे सरपंच और ग्रामीणों पर मामला दर्ज

पुलिस पर लगा बदले की भावना से कार्रवाई का आरोप

  • जनहित का कार्य कर रहे लोगों पर पुलिस ने की शांति भंग की कार्रवाई
  • बीजाडांडी सरपंच ने उठाए गंभीर सवाल

मंडला महावीर न्यूज 29.  ग्राम पंचायत बीजाडांडी के वार्ड 14 और 15 में बारिश के पानी की निकासी का विवाद अब तूल पकड़ता जा रहा है। मोहल्ले में जलभराव की समस्या को दूर करने के लिए पुलिया की सफाई करा रहे सरपंच और स्थानीय ग्रामीणों पर पुलिस ने शांति भंग करने का मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस की इस कार्रवाई पर पंचायत प्रतिनिधियों ने कड़ी आपत्ति जताई है। बताया गया कि बीजाडांडी थाने द्वारा जारी किये गए इस्तगासा के अनुसार बीजाडांडी क्षेत्र में नाले के पानी की निकासी को लेकर पड़ोसियों के बीच उपजे विवाद को लेकर पुलिस ने एहतियाती कदम उठाया है। भविष्य में किसी भी अप्रिय घटना और आम जन-शांति भंग होने की आशंका को देखते हुए बीजाडांडी थाना पुलिस ने एक इस्तगासा तैयार कर माननीय न्यायालय में प्रस्तुत किया है।बीजाडांडी के सरपंच व भाजपा मंडल अध्यक्ष डीएल कुम्हरे ने बताया कि नेशनल हाईवे 30 की एक सरकारी पुलिया को करण सिंह उइके नामक व्यक्ति ने अपनी जमीन का हिस्सा बताकर बंद कर दिया था, जिससे बरसात का पानी मोहल्ले में भर रहा था। मोहल्लेवासियों के आवेदन पर पंचायत ने एसडीएम सहित अन्य अधिकारियों को लिखित शिकायत दी थी। स्टे आदेश मिलने के बाद प्रशासन, एनएच और पुलिस की पूर्व सूचना पर पंचायत द्वारा जेसीबी और ट्रैक्टर लगाकर पुलिया का मलबा हटाया जा रहा था। इसी दौरान बीजाडांडी थाना पुलिस का अमला मौके पर पहुंचा।

बिना विवाद के दर्ज कर लिया मामला 

सरपंच का आरोप है कि सफाई कार्य के दौरान बीजाडांडी थाने का बल मौके पर पहुंचा और वहां मौजूद लोगों के नाम लिखकर ले गया। बाद में पुलिस ने इन्हीं लोगों के खिलाफ शांति भंग करने का मामला कायम कर दिया। सरपंच ने स्पष्ट किया कि मौके पर भूमि स्वामी भी मौजूद था, लेकिन वहां कोई विवाद या लड़ाई-झगड़ा नहीं हुआ था। उन्होंने पुलिस की इस कार्रवाई को पूरी तरह अनुचित और बदले की भावना से की गई कार्रवाई बताया है। उनका कहना है कि ग्रामीण केवल स्वच्छता और जनहित का कार्य कर रहे थे, ऐसे में पुलिस प्रशासन का यह रवैया समझ से परे है।

तहसीलदार के समक्ष पेश किया इस्तगासा 

जानकारी अनुसार नेशनल हाईवे 30 में बसे ग्राम पंचायत बीजाडांडी के वार्ड नंबर 14 में रहने वाले आवेदक और अनावेदक के बीच आपसी रंजिश और मनमुटाव की स्थिति बनी हुई है। घटना विगत माह 6 जून की दोपहर करीब 12.30 बजे की है। क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस ने अनावेदक डीएल कुम्हरे 42 वर्ष के विरुद्ध धारा 126 और 135(3) बीएनएसएस के तहत इस्तगासा तैयार कर तहसीलदार के समक्ष पेश किया है।

कानून अपने हाथ में न लें, उचित मंच पर रखें अपनी बात 

बीजाडांडी में चल रहे घटनाक्रम को लेकर जिले के प्रभारी मंत्री दिलीप जायसवाल ने भी मीडिया के सामने प्रशासन का रुख कड़ा करते हुए स्पष्ट संदेश दिया है। उन्होंने घटना को लगभग एक सप्ताह पुराना बताते हुए कहा कि प्रशासन हर अनर्गल कार्य पर कार्रवाई करेगा, चाहे व्यक्ति किसी भी राजनीतिक दल का ही क्यों न हो। मंत्री ने स्पष्ट चेतावनी देते हुए कहा कि कोई भी व्यक्ति कानून को अपने हाथ में न ले। उन्होंने मीडिया के माध्यम से अपील की है कि यदि किसी को कोई शिकायत या समस्या है, तो वे उचित मंच और संबंधित अधिकारियों के पास जाकर अपनी बात रखें, जिसका निश्चित तौर पर समाधान निकाला जाएगा।


Leave a Comment