मंडला: श्री झूलेलाल चालीसा महोत्सव में उमड़ा आस्था का सैलाब
भव्य महाआरती में श्रद्धालुओं ने किया पल्लव पूजन
- 40 दिवसीय श्री झूलेलाल महोत्सव
- शुक्रवार की विशेष आरती में उमड़ी भीड़, भक्ति गीतों पर झूमे श्रद्धालु
मंडला महावीर न्यूज 29. अंबेडकर वार्ड स्थित भगवानी बाई केवलराम श्री झूलेलाल मंदिर में चल रहे 40 दिवसीय ‘श्री झूलेलाल चालीसा महोत्सव’ में इन दिनों आस्था का भारी जनसैलाब उमड़ रहा है। शुक्रवार शाम मंदिर परिसर में भव्य महाआरती का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में पुरुष, महिलाओं और बच्चों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की और भगवान झूलेलाल की आराधना कर सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की।

13 जुलाई से जारी है भक्तिमय आयोजन
आयोजन समिति के अनुसार, 13 जुलाई से प्रारंभ हुए इस धार्मिक महोत्सव में प्रतिदिन सुबह-शाम आरती, पूजा-अर्चना और कीर्तन सहित विभिन्न अनुष्ठान किए जा रहे हैं। समिति ने बताया कि महोत्सव के प्रत्येक शुक्रवार को एक विशेष महाआरती का आयोजन किया जाता है, जिसमें श्रद्धालुओं की लगातार भारी भीड़ देखने को मिल रही है।

पल्लव पूजा से मांगा निरोगी जीवन का आशीर्वाद
इस महोत्सव में परंपरागत रूप से होने वाली ‘पल्लव पूजा’ का विशेष महत्व है। शुक्रवार को महाआरती के पश्चात उपस्थित श्रद्धालुओं ने पल्लव पूजा कर भगवान झूलेलाल से आशीर्वाद प्राप्त किया। इस दौरान सभी ने अपने इष्टदेव का ध्यान करते हुए सभी परिवारों के निरोगी जीवन और क्षेत्र की खुशहाली के लिए विशेष प्रार्थना की।

भक्ति गीतों पर झूमे श्रद्धालु, हुआ प्रसादी वितरण
चालीसा आयोजन के दौरान पूरा माहौल भक्तिमय रहा। श्रद्धालु सिंधी भक्ति गीतों पर नाचते-गाते और खुशियां मनाते नजर आए। इस पावन अवसर पर पंडित रानूनाथ शर्मा, भाईसाहब हरनाम उदासी सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक और धर्मप्रेमी उपस्थित रहे। समिति के सदस्यों ने बताया कि प्रतिवर्ष की तरह इस वर्ष भी यह महोत्सव पूरी श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया जा रहा है। कार्यक्रम के समापन पर सभी श्रद्धालुओं को प्रसादी का वितरण किया गया।










