महिलाओं ने जैविक खाद निर्माण और आर्थिक उन्नति के साझा किए अनुभव

आजीविका मिशन के राज्य समन्वयक ने किया उदयपुर व धनवाही का भ्रमण

महिला समूहों के कार्यों की जमकर की सराहना 

  • महिला स्व-सहायता समूहों से मिले राज्य समन्वयक
  • महिलाओं ने जैविक खाद निर्माण और आर्थिक उन्नति के साझा किए अनुभव
  • महिला स्व-सहायता समूहों की बैठक लेकर कार्यों की सराहना की

मंडला महावीर न्यूज 29. मध्यप्रदेश राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन, भोपाल के राज्य समन्वयक (कृषि) श्री मनीष सिंह पवार ने जनपद के ग्राम उदयपुर एवं ग्राम धनवाही का भ्रमण किया। ग्राम उदयपुर में उन्होंने माँ शारदा समूह एवं मिनी बचत समूह की बैठक में भाग लिया। बैठक में समूहों द्वारा की जा रही साप्ताहिक बैठक, आपसी बचत एवं लेन-देन की प्रक्रिया पर चर्चा की गई। साथ ही शासन द्वारा समूहों को दी जाने वाली विभिन्न वित्तीय सहायता एवं योजनाओं की राशि के संबंध में समूह सदस्यों को विस्तृत जानकारी दी गई।
समूह की दीदियों ने बताया कि आजीविका मिशन के माध्यम से मिलने वाले सभी प्रकार के लाभ उन्हें प्राप्त हुए हैं, जिससे उनकी आर्थिक स्थिति में सुधार हुआ है और आय में वृद्धि हुई है। राज्य समन्वयक ने समूहों के कार्यों पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए सभी दीदियों को शुभकामनाएं एवं बधाई दी।
इसके बाद ग्राम धनवाही में दुर्गावती समूह एवं मां दुर्गा समूह की बैठक आयोजित की गई। यहां राज्य समन्वयक ने बीआरसी केंद्र का भ्रमण भी किया। इस दौरान कृषि सखी श्रीमती प्रभा टेकाम एवं श्रीमती रजनी मरावी द्वारा जैविक खाद, घनजीवामृत, जीवामृत एवं बीजामृत बनाने की प्रक्रिया एवं उसके लाभों के संबंध में जानकारी दी गई। उन्होंने बताया कि इन प्राकृतिक संसाधनों के उपयोग से खेती की लागत कम की जा सकती है और बेहतर उत्पादन लिया जा सकता है। इस अवसर पर मध्यप्रदेश राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन से प्रबंधक श्री साहेब लाल सूर्यवंशी, श्री नजमुल हक, श्री मनमोहन अहिरवार एवं श्रीमती गिरजा देवी केवट उपस्थित रहे।


Leave a Comment