एनएच 30 पर सड़क हादसा, बबैहा के पास रफ्तार का कहर
ट्राला और पिकअप की आमने-सामने टक्कर, चालक की मौत
- मार्बल से भरी बोलेरो पिकअप ट्राले से भिड़ी
- जबलपुर निवासी युवक ने गंवाई जान, एक गंभीर
मंडला महावीर न्यूज 29. जिले के टिकरिया थाना क्षेत्र के अंतर्गत नेशनल हाईवे-30 पर शुक्रवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। बबैहा के पास एक ट्राला और मार्बल से भरी बोलेरो पिकअप के बीच आमने-सामने की जोरदार टक्कर हो गई। इस भीषण दुर्घटना में बोलेरो पिकअप के चालक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका एक सहयोगी गंभीर रूप से घायल हो गया है।
जानकारी अनुसार बोलेरो पिकअप जबलपुर से मार्बल लोड करके मंडला की ओर जा रही थी। इसी दौरान बबैहा के पास सामने से आ रहे एक ट्राले से उसकी सीधी भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि वाहन के परखच्चे उड़ गए। दुर्घटना के तुरंत बाद हाईवे पर लंबा जाम लग गया, जिससे कुछ समय के लिए यातायात पूरी तरह प्रभावित रहा।
अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टर ने किया मृत घोषित
हादसे की सूचना मिलते ही टिकरिया पुलिस तत्काल घटनास्थल पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। पुलिस ने 108 एंबुलेंस की मदद से दोनों घायलों को तुरंत जिला अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में जांच के बाद डॉक्टरों ने बोलेरो पिकअप के चालक रोहित दुबे 26 वर्ष, निवासी कटंगी बाईपास, जबलपुर को मृत घोषित कर दिया। वहीं हादसे में घायल सहयोगी अमन रैकवार 20 वर्ष, निवासी आगा चौक, जबलपुर का फिलहाल अस्पताल में उपचार चल रहा है।
यातायात कराया गया बहाल
दुर्घटना के बाद पुलिस ने क्रेन और अन्य माध्यमों से क्षतिग्रस्त वाहनों को हाईवे से हटवाया और सड़क पर लगे लंबे जाम को खुलवाकर यातायात व्यवस्था को दोबारा सुचारू किया। टिकरिया पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और दुर्घटना के सटीक कारणों की बारीकी से जांच कर रही है।









