नवीन माता मंदिर निर्माण के लिए निकली भव्य भ्रमण यात्रा
मां नर्मदा तट पर हुआ विशेष पूजन
- सरिता माता दरबार में 23 जुलाई तक चलेंगे धार्मिक अनुष्ठान
- सप्तचंडी महायज्ञ के साथ होगी प्रतिमा स्थापना
मंडला महावीर न्यूज 29. जिला मुख्यालय के डॉ. अंबेडकर वार्ड स्थित सरिता माता दरबार में निर्माणाधीन नवीन माता मंदिर की पूजन परंपरा के तहत बुधवार को श्रद्धा और भक्ति से ओतप्रोत एक भव्य भ्रमण यात्रा निकाली गई। यह धार्मिक यात्रा सरिता माता दरबार से प्रारंभ होकर रंगरेज घाट स्थित पवित्र मां नर्मदा के तट पर पहुंची, जहां वैदिक विधि-विधान के साथ माता का पूजन और अर्चन संपन्न किया गया।

भक्ति गीतों और जयकारों से गूंजा मार्ग
भ्रमण यात्रा के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। श्रद्धालु पूरे रास्ते माता के जयकारे लगाते और भक्ति गीतों पर झूमते नजर आए। इस भव्य आयोजन से शहर के मार्ग पूरी तरह से धर्ममय और भक्तिमय हो गए।

प्रतिदिन हो रहे सप्तचंडी पाठ व हवन
मंदिर में माता की प्रतिमा के साथ भगवान श्री गणेश की प्रतिमा की भी विधिवत स्थापना की जानी है। इस उपलक्ष्य में 11 जुलाई से 23 जुलाई तक विभिन्न धार्मिक अनुष्ठान आयोजित किए जा रहे हैं। आयोजन समिति के अनुसार, मंदिर परिसर में प्रतिदिन सप्तचंडी के 108 पाठ, हवन एवं विशेष पूजन का आयोजन अनवरत जारी है।

23 जुलाई को होगा सप्तचंडी महायज्ञ
अनुष्ठान का विधिवत समापन 23 जुलाई को होगा। इस दिन एक विशाल सप्तचंडी महायज्ञ का आयोजन किया जाएगा, जिसमें 11 विद्वान पंडितों द्वारा वैदिक मंत्रोच्चार के साथ यज्ञ और पूर्ण आहुति का कार्यक्रम संपन्न कराया जाएगा। समिति ने सभी श्रद्धालुओं से इस पुनीत कार्य में शामिल होकर धर्म लाभ लेने की अपील की है।










