17.86 करोड़ की लागत से निखरा नैनपुर रेलवे स्टेशन
अमृत भारत योजना के तहत मिलीं विश्वस्तरीय सुविधाएं
- नैरोगेज के ऐतिहासिक जंक्शन का कायाकल्प
- आधुनिकता और जनजातीय संस्कृति का अनूठा संगम बना नैनपुर स्टेशन
मंडला महावीर न्यूज 29. कभी देश के प्रमुख नैरोगेज जंक्शनों में शुमार मध्य प्रदेश के मंडला जिले का ऐतिहासिक नैनपुर रेलवे स्टेशन अब पूरी तरह से नए और आधुनिक स्वरूप में ढल चुका है। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे (दपूमरे) नागपुर मंडल के अंतर्गत अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत लगभग 17.86 करोड़ रुपये की लागत से इस स्टेशन का व्यापक पुनर्विकास कार्य पूरा कर लिया गया है। अब यह स्टेशन अत्याधुनिक सुविधाओं के साथ यात्रियों का स्वागत करने के लिए तैयार है।
बताया गया कि नैनपुर स्टेशन पर नया प्रतीक्षालय, उन्नत पेयजल व्यवस्था, फूड स्टॉल और आरामदायक बैठने की जगह बनाई गई है। सुरक्षा और सूचना के लिए हाई मास्ट एलईडी लाइटिंग, सीसीटीवी निगरानी प्रणाली, मल्टी-लाइन डिजिटल डिस्प्ले बोर्ड और उच्च गुणवत्ता वाला अनाउंसमेंट सिस्टम लगाया गया है।
सुगम आवागमन के साथ व्यवस्थित पार्किंग
स्टेशन के सर्कुलेटिंग एरिया को विस्तृत कर दोपहिया, तीन पहिया और चार पहिया वाहनों के लिए अलग-अलग पार्किंग बनाई गई है। बुजुर्गों और दिव्यांगजनों की सुविधा के लिए लिफ्ट और सुगम मार्ग रैंप का निर्माण किया गया है।
जनजातीय कला और संस्कृति की दिखेगी झलक
नैनपुर स्टेशन भवन को आधुनिक वास्तुशिल्प के साथ-साथ स्थानीय जनजातीय कला से सजाया गया है। आकर्षक वॉल पेंटिंग और बांस-बेंत जैसी प्राकृतिक सामग्रियों से प्रेरित डिज़ाइन यात्रियों को क्षेत्र की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत का अनुभव कराते हैं। ऊर्जा संरक्षण के साथ प्राकृतिक रोशनी के अधिकतम उपयोग, वर्षा जल संचयन (रेन वाटर हार्वेस्टिंग), आधुनिक कचरा प्रबंधन और लैंडस्केपिंग (हरित क्षेत्र) पर विशेष ध्यान दिया गया है।
पर्यटन और क्षेत्रीय विकास को मिलेगी नई गति
नैनपुर स्टेशन प्राकृतिक सौंदर्य से घिरे कान्हा राष्ट्रीय उद्यान सहित आसपास के प्रमुख पर्यटन स्थलों का अहम प्रवेश द्वार है। इस स्टेशन के कायाकल्प से न केवल पर्यटकों का सफर अधिक सुरक्षित और यादगार बनेगा, बल्कि स्थानीय स्तर पर पर्यटन को पंख लगेंगे। इससे क्षेत्र में व्यापार और रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे, जो मंडला जिले की सामाजिक और आर्थिक प्रगति को एक नई दिशा प्रदान करेंगे।










