अतिक्रमण से सड़कें हुई सकरी, रोज लग रहा जाम

नारायणगंज में अतिक्रमण से सड़कें हुई सकरी, रोज लग रहा जाम

पंचायत ने राजस्व विभाग से मांगी मदद

  • पड़रिया में अतिक्रमणकारियों के हौसले बुलंद
  • राहगीर परेशान, मॉनिटरिंग के अभाव में बेअसर साबित हो रही हर कार्रवाई

मंडला महावीर न्यूज 29. तहसील मुख्यालय नारायणगंज के अंतर्गत आने वाली ग्राम पंचायत पड़रिया के मुख्य मार्गों पर इन दिनों अतिक्रमण की समस्या विकराल रूप ले चुकी है। अतिक्रमण के चलते सड़कें इतनी संकरी हो गई हैं कि आए दिन जाम की स्थिति बन रही है और आवागमन बुरी तरह प्रभावित हो रहा है। इस गंभीर समस्या से निजात पाने के लिए ग्राम पंचायत ने अब राजस्व विभाग को पत्र लिखकर ठोस कार्रवाई की मांग की है।जानकारी अनुसार पड़रिया ग्राम पंचायत के मुख्य मार्गों पर स्थित दुकानदारों ने अपनी दुकानों की हद बढ़ाकर सड़क तक कब्जा कर लिया है। सड़क तक सामान रखे होने के कारण मार्ग सिकुड़ गया है। इसी मुख्य मार्ग से होकर लोग अस्पताल, स्कूल, बाजार और सरकारी कार्यालयों तक जाते हैं। सड़क संकरी होने से न केवल स्थानीय लोगों को बल्कि बाहर से आने वाले राहगीरों, मरीजों और स्कूली बच्चों को भी भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है, जिससे जनता में भारी आक्रोश है।

पंचायत ने राजस्व विभाग को लिखा पत्र 

पैदल चलने वालों के लिए भी रास्ता न मिलने पर ग्राम पंचायत पड़रिया के पदाधिकारियों ने संज्ञान लिया है। पंचायत ने राजस्व विभाग को पत्र लिखकर आग्रह किया है कि अतिक्रमण हटाने के लिए पंचायत और विभाग मिलकर एक संयुक्त एवं प्रभावी कार्रवाई करें। पंचायत का मानना है कि इस संयुक्त कार्रवाई से ही यातायात को सुचारू बनाया जा सकेगा और लोगों को रोज-रोज के जाम से मुक्ति मिलेगी।

कई बार हुई कार्रवाई, पर मॉनिटरिंग के अभाव में फिर जम जाते हैं कब्जे 

स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि पंचायत पड़रिया में बाजार और अन्य स्थानों से अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई पहले भी कई बार हो चुकी है। लेकिन नियमित मॉनिटरिंग न होने के कारण कुछ दिन बाद ही अतिक्रमणकारी फिर से अपना कब्जा जमा लेते हैं। दिन-ब-दिन बढ़ती इस अतिक्रमण की समस्या से गांव की जनता बेहद परेशान है और अब प्रशासन से इसके स्थायी समाधान की मांग कर रही है।


Leave a Comment