स्कूटी से अवैध शराब की तस्करी कर रहा युवक गिरफ्तार

स्कूटी से अवैध शराब की तस्करी कर रहा युवक गिरफ्तार, 53 हजार का मशरूका जब्त

  • पिंडरई में 30 पाव शराब के साथ आरोपी धराया
  • वाहन सहित 53 हजार 600 रुपये का माल बरामद

मंडला महावीर न्यूज 29. जिले में अवैध शराब की बिक्री और परिवहन पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस का अभियान लगातार जारी है। इसी कड़ी में पुलिस अधीक्षक मंडला राजेश रघुवंशी के निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शिवकुमार वर्मा के मार्गदर्शन में पिंडरई चौकी पुलिस ने प्रभावी कार्रवाई करते हुए भारी मात्रा में अवैध शराब के साथ एक तस्कर को गिरफ्तार किया है।

थाना प्रभारी नैनपुर मंशाराम वगेन के नेतृत्व में पिंडरई चौकी पुलिस को क्षेत्र में अवैध शराब के परिवहन और विक्रय की शिकायत प्राप्त हुई थी। सूचना को गंभीरता से लेते हुए चौकी प्रभारी उप निरीक्षक राजकुमार हिरकने के नेतृत्व में एक टीम का गठन किया गया। पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घेराबंदी कर एक संदिग्ध स्कूटी सवार को रोका। तलाशी के दौरान उसके पास से अवैध शराब बरामद की गई, जिसके बाद उसे तुरंत हिरासत में ले लिया गया।

53 हजार रुपये से अधिक का माल जब्त 

पुलिस ने पकड़े गए आरोपी की पहचान जयप्रकाश उर्फ राजा चक्रवर्ती पिता विजय कुमार चक्रवर्ती निवासी वार्ड क्रमांक 11, गुजरी मोहल्ला, पिंडरई के रूप में की है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से परिवहन में इस्तेमाल की जा रही एक प्लेजर स्कूटी क्रमांक एमपी 51 एचएस 6118 और 30 पाव देशी, अंग्रेजी प्लेन शराब जब्त की है।

कार्रवाई में पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका 

पुलिस ने बताया कि जब्त शराब की अनुमानित कीमत 3 हजार 600 रूपए, जब्त स्कूटी की अनुमानित कीमत 50 हजार रूपए समेत कुल मशरूका 53 हजार 600 रूपए जब्त किया गया। अवैध शराब के खिलाफ की गई इस त्वरित और सफल कार्रवाई में पिंडरई चौकी प्रभारी उप निरीक्षक राजकुमार हिरकने, सहायक उप निरीक्षक सेवकराम टेभरे और आरक्षक सचिन रंगारे की विशेष एवं सराहनीय भूमिका रही। पुलिस का कहना है कि क्षेत्र में अवैध गतिविधियों के खिलाफ यह अभियान आगे भी सख्ती से जारी रहेगा।


 

Leave a Comment