अंडर-14 से अंडर-23 आयु वर्ग के चयनित खिलाड़ी 21 से 23 अगस्त तक राज्य स्तरीय स्पर्धा में करेंगे जिले का प्रतिनिधित्व
62वीं मप्र इंटर डिस्ट्रिक्ट एथलेटिक्स चैंपियनशिप
- मंडला जिले की टीम घोषित, जबलपुर में दिखाएगी दमखम
- महात्मा गांधी स्टेडियम में 250 खिलाडिय़ों के बीच हुई चयन स्पर्धा
- निष्पक्ष व पारदर्शी प्रक्रिया से चुने गए प्रतिभागी
मंडला महावीर न्यूज 29. आगामी 62वीं मध्यप्रदेश इंटर डिस्ट्रिक्ट एथलेटिक्स चैंपियनशिप-2026 के लिए मंडला जिले की एथलेटिक्स टीम का चयन रविवार को महात्मा गांधी स्टेडियम, मंडला में आयोजित जिला स्तरीय ट्रायल के माध्यम से संपन्न हुआ। जिला एथलेटिक्स संघ मंडला के तत्वावधान में आयोजित इस चयन ट्रायल में जिले के विभिन्न विकासखंडों से आए लगभग 250 बालक एवं बालिका खिलाडिय़ों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन किया। पूरी चयन प्रक्रिया निष्पक्ष, पारदर्शी एवं एथलेटिक्स के तकनीकी मानकों के अनुरूप आयोजित की गई।
21 से 23 अगस्त तक जबलपुर में जुटेंगे प्रदेश भर के खिलाड़ी
जिला एथलेटिक्स संघ के कार्यकारी सचिव देवेन्द्र सरोते ने बताया कि चयनित खिलाड़ी आगामी 21 से 23 अगस्त तक जबलपुर में आयोजित होने वाली राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में भाग लेंगे। खिलाड़ी अंडर-14, अंडर-16, अंडर-18, अंडर-20 एवं अंडर-23 आयु वर्गों में मंडला जिले का प्रतिनिधित्व करेंगे।
पारदर्शी प्रक्रिया से चुने गए प्रतिभागी
विभिन्न ट्रैक एवं फील्ड स्पर्धाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले चयनित खिलाडिय़ों में ट्रायथलॉन में अमृता, अंश, 100 मीटर में ब्रजेश, समीक्ष सोनकेशरी, 200 मीटर में अनुराग सरोते, 400 मीटर में इशांत, 800 मीटर में ओम चंद्रोल, शिवी, 1000 मीटर में अनुराज धुर्वे, 5000 मीटर में लक्की जंघेला, जैवलिन थ्रो में नील नेताम, हाई जंप में हनी ठाकुर, शॉटपुट में हिमांशु नंदा को चुना गया है।
खेल संघ व पदाधिकारियों ने दी शुभकामनाएं
इस अवसर पर जिला एथलेटिक्स संघ के सचिव डॉ. रमेश शुक्ला, अध्यक्ष वेद प्रकाश कुलस्ते, उपाध्यक्ष संतलाल नेताम, डॉ. दिलीप शर्मा, डॉ. गुलबहार खान, संदीप कछवाहा, पंकज उसराठे, त्रिलोक डोंगरे, अमित राठौर, रोहित मरावी, कमलेश भांवरे, मोहित बारमइयाँ, लोकश्याम मरावी, जय मार्को सहित संघ के पदाधिकारियों एवं खेल प्रेमियों ने चयनित खिलाडिय़ों को बधाई दी। पदाधिकारियों ने विश्वास जताया कि मंडला के खिलाड़ी अपने अनुशासन और उत्कृष्ट खेल कौशल के बल पर राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन कर जिले का नाम रोशन करेंगे।










