📰 PM JANMAN योजना का बुरा हाल: 6 माह से अधूरी पड़ी प्रधानमंत्री सड़क
बैगा टोला बरवानी के ग्रामीण परेशान
- जर्जर सड़क से जोखिम में फंसा बैगा आदिवासियों का आवागमन
- स्कूली बच्चे और राहगीर हो रहे हलाकान
- ग्रामीणों की प्रशासन को चेतावनी
- जल्द निर्माण पूरा न होने पर सरपंच संग जनसुनवाई का करेंगे घेराव
मंडला महावीर न्यूज 29. विकासखंड घुघरी के ग्राम बैगा टोला बरवानी में पीएम जनमन योजना के अंतर्गत स्वीकृत प्रधानमंत्री सड़क का निर्माण कार्य पिछले छह महीनों से अधूरा पड़ा हुआ है। कछुआ गति से चल रहे निर्माण कार्य और बदहाल मार्ग के कारण स्थानीय ग्रामीणों, स्कूली बच्चों तथा राहगीरों को प्रतिदिन भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
🚨 बारिश में कीचड़ और गड्ढे बने मुसीबत
ग्रामीणों का कहना है कि सड़क निर्माण अधूरा छोड़ दिए जाने से मार्ग की स्थिति अत्यंत दयनीय हो चुकी है। बारिश के मौसम में सड़क पर कीचड़ और गहरे गड्ढे बन जाने से आवागमन बेहद जोखिम भरा हो गया है।
इस अव्यवस्था का सबसे बड़ा खामियाजा विशेष संरक्षित बैगा जनजाति के मासूम बच्चों और परिवारों को भुगतना पड़ रहा है, जिन्हें रोजाना जान जोखिम में डालकर स्कूल, अस्पताल और दैनिक राशन व अन्य आवश्यक कार्यों के लिए इसी मार्ग से गुजरना पड़ता है।
⚠️ सरपंच के नेतृत्व में जनसुनवाई के घेराव की चेतावनी
सड़क निर्माण में हो रही देरी को लेकर ग्रामीणों का आक्रोश चरम पर है। उन्होंने संबंधित विभाग व प्रशासनिक अधिकारियों से मांग की है कि सड़क का निर्माण कार्य अविलंब पूरा कराया जाए, जिससे लोगों को सुरक्षित व सुगम आवागमन की सुविधा मिल सके।
“यदि सड़क का निर्माण कार्य जल्द से जल्द ठीक नहीं कराया गया, तो ग्राम सरपंच के नेतृत्व में बैगा जनजाति के बाल-बच्चों व परिवारों को लेकर जिला मुख्यालय स्थित जनसुनवाई में उग्र प्रदर्शन किया जाएगा। इसके बाद उत्पन्न होने वाली किसी भी स्थिति की संपूर्ण जिम्मेदारी विभाग के एसडीओ (SDO), सब इंजीनियर और कार्यपालन यंत्री (EE) की होगी।”
— आक्रोशित ग्रामीण व पंचायत प्रतिनिधि
रिपोर्टर- दुर्गेश प्रजापति घुघरी ✍️










