विहिप-बजरंग दल का सेवा सप्ताह
जिला अस्पताल में 50 युवाओं का हुआ रक्त परीक्षण, सिद्धेश्वर धाम में किया पौधारोपण
- समाज सेवा और पर्यावरण संरक्षण का संदेश
- सेवा सप्ताह में जुटे कार्यकर्ता
- विहिप और बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने लिया पौधों के संरक्षण का संकल्प
मंडला महावीर न्यूज 29. विश्व हिंदू परिषद एवं बजरंग दल द्वारा चलाए जा रहे सेवा सप्ताह के अंतर्गत मंडला नगर में सेवा एवं पर्यावरण संरक्षण को समर्पित दो महत्वपूर्ण कार्यक्रम आयोजित किए गए। इन आयोजनों के माध्यम से कार्यकर्ताओं ने समाज सेवा और प्रकृति की रक्षा का संदेश दिया।
जानकारी अनुसार कार्यक्रम के पहले चरण में मंडला जिला अस्पताल के ब्लड बैंक में युवाओं के लिए एक विशेष रक्त परीक्षण शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर में लगभग 50 युवाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर अपना रक्त परीक्षण कराया। इस दौरान उपस्थित चिकित्सकों और पदाधिकारियों ने युवाओं को नियमित स्वास्थ्य जांच करवाने तथा जीवन रक्षक रक्तदान के प्रति जागरूक किया।
बताया गया कि कार्यक्रम के दूसरे चरण में सिद्धेश्वर धाम, सुरंग देवरी आश्रम परिसर में पौधारोपण किया गया। यहाँ विहिप और बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने न केवल पौधे रोपे, बल्कि अधिक से अधिक वृक्ष लगाने और उनके बड़े होने तक सतत संरक्षण करने का सामूहिक संकल्प भी लिया।
धार्मिक गतिविधियों के साथ राष्ट्रहित और समाज सेवा भी सर्वोपरि
समारोह को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने संगठन के मूल उद्देश्यों पर प्रकाश डाला। उन्होंने स्पष्ट किया कि विश्व हिंदू परिषद एवं बजरंग दल केवल धार्मिक और सांस्कृतिक गतिविधियों तक सीमित नहीं हैं। समाज सेवा, स्वास्थ्य जागरूकता, पर्यावरण संरक्षण और राष्ट्रहित के कार्यों में भी संगठन निरंतर सक्रिय भूमिका निभा रहा है। पदाधिकारियों ने बताया कि सेवा सप्ताह के अंतर्गत इस प्रकार के जनहितकारी कार्यक्रम आगे भी जारी रहेंगे। कार्यक्रम में उपस्थित वक्ताओं ने कहां कि हमारा उद्देश्य समाज को स्वस्थ और पर्यावरण को सुरक्षित बनाना है। युवाओं की यह सहभागिता देश और समाज के सकारात्मक बदलाव में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
कार्यक्रम में ये रहे उपस्थित
इस सेवा कार्य में मुख्य रूप से विश्व हिंदू परिषद के प्रांत सुरक्षा प्रमुख सुमित सिंह ठाकुर, प्रांत विशेष संपर्क प्रमुख पंकज शिवरात्रि, बजरंग दल विभाग संयोजक सोनल बर्मन, सिद्धेश्वर धाम, सुरंग देवरी आश्रम परिसर से पंडित ललित नारायण मिश्रा, जिला उपाध्यक्ष शक्ति छेतीजा, जिला सहसंयोजक शिवम बसु सिंधिया, जिला गौरक्षा प्रमुख रेनू कछवाहा, विद्यार्थी प्रमुख हिमांशु, पूनम सिंधिया, नीरज अग्रवाल, नीरज कोष्टा, मनोज ताम्रकार, अविनाश कछवाहा, शुभम बारमईया, ऋषभ बैरागी, गणेश बरमैया, किशोर रजक सहित संगठन के अनेक कार्यकर्ता और पदाधिकारी उपस्थित रहे।










