कॉलेज प्रवेश का अंतिम अवसर
रानी दुर्गावती एक्सीलेंस कॉलेज में 15 जुलाई तक लगेगा प्रवेश मेला
- रिक्त सीटों पर तुरंत मिलेगा दाखिला
- उसी दिन पंजीयन, चॉइस फिलिंग और फीस भुगतान
मंडला महावीर न्यूज 29. प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस, रानी दुर्गावती शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, मंडला में प्रवेश प्रक्रिया से वंचित रह गए विद्यार्थियों के लिए राहत भरी खबर है। कॉलेज प्रशासन द्वारा अतिरिक्त कॉलेज लेवल काउंसलिंग अंतिम चरण के तहत अधिकाधिक विद्यार्थियों को प्रवेश देने के उद्देश्य से 15 जुलाई तक प्रतिदिन प्रवेश मेले का आयोजन किया जा रहा है।
महाविद्यालय के प्राचार्य ने बताया कि यह प्रवेश मेला प्रतिदिन प्रात: 10 बजे से सायंकाल 5 बजे तक संचालित रहेगा। इच्छुक विद्यार्थी मेले में पहुंचकर उसी दिन अपना पंजीयन और चॉइस फिलिंग कर सकेंगे। सीट आवंटित होने पर निश्चित समय सीमा के भीतर निर्धारित शुल्क का भुगतान कर तुरंत अपना प्रवेश सुनिश्चित कर सकते हैं।
विभिन्न संकायों में है रिक्त सीटें
महाविद्यालय में वर्तमान में स्नातक और स्नातकोत्तर स्तर पर रिक्त सीटों में स्नातक स्तर के कला संकाय में 41 सीटें, वाणिज्य संकाय में 44 सीटें, विज्ञान संकाय में 42 सीटें है। इसके साथ ही स्नातकोत्तर एक वर्षीय पाठ्यक्रम के चतुर्थ वर्ष में अध्ययनरत विद्यार्थी पात्र होंगे। जिसमें कला संकाय में 108 सीटें, वाणिज्य संकाय में 26 सीटें, विज्ञान संकाय में 159 सीटें है। स्नातकोत्तर द्वितीय वर्ष पाठ्यक्रम के कला संकाय में 289 सीटें, वाणिज्य संकाय में 39 सीटें, विज्ञान संकाय में 93 सीटें है।
सहायता के लिए हेल्पलाइन नंबर जारी
महाविद्यालय प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि प्रवेश प्रक्रिया का यह अंतिम चरण है। जिसमें इच्छुक विद्यार्थी 15 जुलाई से पहले उपस्थित होकर अपना दाखिला सुनिश्चित करें। विशेष जानकारी व सहायता के लिए हेल्पलाइन नंबर जारी किया गया है। विद्यार्थी किसी भी प्रकार के मार्गदर्शन के लिए महाविद्यालय के हेल्प डेस्क नंबरों 9893035734, 9826504354 एवं 9424385659 पर संपर्क कर सकते हैं।









