टिकरिया पुलिस की ऑटो-जीप चालकों को सख्त चेतावनी
बस स्टैंड पर जाम लगाया तो होगी चालानी कार्रवाई
- यातायात व्यवस्था सुधारने पुलिस की पहल
- टिकरिया टीआई ने चालकों की बैठक लेकर दिए कड़े निर्देश
मंडला महावीर न्यूज 29. टिकरिया बस स्टैंड और चौराहे पर लगातार बन रही जाम की स्थिति तथा यात्रियों को हो रही परेशानियों को देखते हुए टिकरिया पुलिस ने सख्त रुख अपनाया है। थाना प्रभारी प्रदीप पांडे ने सभी ऑटो एवं जीप चालकों को थाने बुलाकर बैठक ली और यातायात नियमों का कड़ाई से पालन करने के निर्देश दिए।
बैठक में टीआई ने स्पष्ट किया कि बस स्टैंड के बीचों-बीच वाहन खड़े कर सवारी न बैठाएं। ऑटो चालकों की मनमानी के कारण हाट-बाजार के दिनों में चौराहे पर भीषण जाम लग जाता है, जिससे पैदल चलने वालों के साथ-साथ आपातकालीन वाहनों और दोपहिया चालकों को भारी परेशानी होती है।
टिकरिया थाना प्रभारी प्रदीप पांडे ने निर्देश दिए हैं कि ऑटो को सड़क किनारे तय खाली जगह पर ही खड़ा करें और वाहन जिस रूट का है, उसे उसी ओर लगाएं। नियमों का उल्लंघन करने पर चालानी कार्रवाई की चेतावनी दी गई है, जिसकी पूरी जवाबदारी स्वयं चालक की होगी।









