कला दीर्घा पहुंचे एसपी राजेश रघुवंशी
मंडला के कांस शिल्प को पुनर्जीवित करने का रखा प्रस्ताव
- कला से बढ़ता है अनुशासन और संवेदनशीलता
- मंडला पुलिस अधीक्षक ने की स्थानीय कलाकारों की सराहना
मंडला महावीर न्यूज 29. कला प्रेमी मंडला पुलिस अधीक्षक राजेश रघुवंशी ने सह-परिवार जिला पंचायत स्थित कला दीर्घा का भ्रमण किया। उन्होंने प्रदर्शनी में लगाए गए सभी चित्रों व कलाकृतियों का बारीकी से अवलोकन किया और स्थानीय कलाकारों की प्रतिभा की मुक्त कंठ से प्रशंसा की।
भ्रमण के दौरान पुलिस अधीक्षक ने कहा कि कला दीर्घा आकर मन प्रफुल्लित हो गया है। हर चित्र में कलाकार की आत्मा झलकती है। उन्होंने कहा कि पुलिस और समाज दोनों को कला से जुडऩा चाहिए, क्योंकि यह मानसिक तनाव को दूर कर जीवन में सकारात्मक सोच, अनुशासन और संवेदनशीलता बढ़ाती है। ऐसी सराहनीय पहल के लिए उन्होंने जिला पंचायत प्रशासन का धन्यवाद ज्ञापित किया।
विशेष चर्चा के दौरान एसपी ने मंडला की प्राचीन कांसा बर्तन शिल्प कला का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि हमारे जिले में अद्भुत प्रतिभा छिपी है। उन्होंने मंडला के पारंपरिक कांस्य उद्योग को पुनर्जीवित करने का प्रस्ताव रखते हुए कहा कि ऐसी लोक कलाओं को बढ़ावा देना हम सभी का सामूहिक कर्तव्य है। अंत में उन्होंने सभी प्रतिभागी कलाकारों को उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।









