नैनपुर के मुख्य मार्ग पर जाम से जनता बेहाल

नैनपुर के मुख्य मार्ग पर जाम से जनता बेहाल

नए थाना प्रभारी के लिए यातायात सुचारू करना बड़ी चुनौती

  • थांवर पुल से निवारी तिराहे तक बेतरतीब पार्किंग और अतिक्रमण का कब्जा
  • नैनपुर में चरमराई यातायात व्यवस्था

मंडला महावीर न्यूज 29. नैनपुर नगर के मुख्य मार्ग पर प्रतिदिन लग रहा भीषण जाम स्थानीय निवासियों, व्यापारियों और राहगीरों के लिए मुसीबत बन चुका है। खास तौर पर थांवर नदी के पुल से लेकर निवारी तिराहा तक दोनों ओर घंटों रेंगते वाहनों, फुटपाथों पर अतिक्रमण और सड़क तक बिखरे कबाड़ के कारण लोगों का पैदल चलना भी दूभर हो गया है। इस गंभीर समस्या के बावजूद संबंधित विभाग मूकदर्शक बने हुए हैं, जो नवागत थाना प्रभारी के लिए भी एक बड़ी चुनौती है।

बताया गया कि नैनपुर के मुख्य मार्ग पर दुकानदारों द्वारा सड़कों व पेवर ब्लॉक फुटपाथों तक अवैध रूप से सामान फैलाकर कब्जा कर लिया गया है। नो-पार्किंग जोन होने के बावजूद बेतरतीब तरीके से दोपहिया व चारपहिया वाहन पार्क किए जा रहे हैं। व्यस्ततम चौराहों पर ट्रैफिक पुलिस या होमगार्ड के जवानों की पर्याप्त तैनाती न होने से व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है।

जनता और व्यापारियों में आक्रोश 

रोज-रोज के जाम से स्थानीय व्यवसाय बुरी तरह प्रभावित हो रहा है। वहीं एम्बुलेंस, स्कूली बच्चों और नौकरीपेशा लोगों को समय पर अपने गंतव्य तक पहुँचने में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। नागरिकों का कहना है कि पूर्व में कई हादसों के बाद प्रशासन को ज्ञापन सौंपे गए, लेकिन नगर पालिका और पुलिस प्रशासन द्वारा कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया।

सख्त कार्रवाई की मांग 

क्षेत्रीय नागरिकों व व्यापारियों ने स्थानीय प्रशासन से मांग की है कि थांवर पुल से निवारी तिराहे तक तत्काल अतिक्रमण हटाया जाए, व्यस्त समय में वन-वे व्यवस्था लागू की जाए तथा नो-पार्किंग में वाहन खड़ा करने वालों पर कड़ाई से चालानी कार्रवाई की जाए।


 

Leave a Comment