सेफ क्लिक 2.0 का समापन
मंडला पुलिस ने लौटाए 200 से अधिक गुम मोबाइल
- पुलिसकर्मी व क्रिएटर्स सम्मानित
- एसपी ने युवाओं से साइबर सैनिक बनने का किया आह्वान
मंडला महावीर न्यूज 29. पुलिस मुख्यालय भोपाल के निर्देशानुसार जिले में संचालित 15 दिवसीय सेफ क्लिक 2.0 साइबर जागरूकता अभियान का समापन आर.डी. कॉलेज सभागार में भव्य रूप से संपन्न हुआ। कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष संजय कुशराम मुख्य अतिथि तथा कलेक्टर राहुल नामदेव धोते, पुलिस अधीक्षक राजेश रघुवंशी, नगर पालिका अध्यक्ष विनोद कछवाहा व एएसपी शिव कुमार वर्मा विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
समारोह की शुरुआत में एएसपी शिव कुमार वर्मा ने अभियान की उपलब्धियों का ब्योरा दिया। उन्होंने बताया कि 15 दिनों के दौरान जिले भर के स्कूलों, कॉलेजों, ग्राम पंचायतों और सार्वजनिक स्थलों पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर आमजन को डिजिटल सुरक्षा के प्रति सचेत किया गया। अतिथियों ने अपने संबोधन में डिजिटल अरेस्ट, सेक्सटॉर्शन और बैंकिंग फ्रॉड से बचाव के लिए सतर्कता बरतने तथा किसी भी ठगी की स्थिति में राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराने की अपील की।
पुलिस अधीक्षक राजेश रघुवंशी ने उपस्थित युवाओं से साइबर सैनिक बनकर समाज में डिजिटल सुरक्षा का संदेश फैलाने का आह्वान किया। कार्यक्रम के दौरान साइबर सेल द्वारा खोजे गए 200 से अधिक गुम व चोरी हुए मोबाइल उनके वास्तविक स्वामियों को सौंपे गए। इसके साथ ही उत्कृष्ट कार्य करने वाले डायल-112 कर्मियों, पुलिस अधिकारियों और सोशल मीडिया के माध्यम से साइबर जागरूकता फैलाने वाले क्रिएटर्स व यूट्यूबर्स को प्रशस्ति-पत्र देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में 700 से अधिक नागरिको, जनप्रतिनिधियों, शिक्षकों व विद्यार्थियों की सहभागिता रही। अंत में सूबेदार योगेश राजपूत ने आभार व्यक्त किया।









