गौ माता को राष्ट्र माता का दर्जा और देशव्यापी गौ हत्या बंद करने उठी मांग

गौ माता को राष्ट्र माता का दर्जा और देशव्यापी गौ हत्या बंद करने उठी मांग

घुघरी में हुआ पूज्य संतो का आगमन

  • गौ सेवकों, सनातनियों और आम नागरिकों में भारी उत्साह
  • गौ सम्मान आह्वान अभियान को लेकर सनातनी व गौ सेवकों में भारी उत्साह

मंडला महावीर न्यूज 29. देश भर में गौवंश की रक्षा और उन्हें राष्ट्रीय स्तर पर सर्वोच्च सम्मान दिलाने के उद्देश्य से चलाया जा रहा गौ सम्मान आह्वान अभियान अब मध्य प्रदेश में तेजी से गति पकड़ रहा है। इसी अभियान के तहत मंडला जिले की घुघरी तहसील में पूज्य संतों का आगमन हुआ, जिनके स्वागत और दर्शन के लिए क्षेत्र के गौ सेवकों, सनातनियों और आम नागरिकों में भारी उत्साह देखा गया। तहसील में आयोजित विशेष बैठक के दौरान अभियान से जुड़े महाराज जी ने आम जनता और गौ भक्तों को संबोधित करते हुए इस आंदोलन के मुख्य उद्देश्यों और दूरगामी सोच पर विस्तार से प्रकाश डाला।

गौ माता को मिले राष्ट्र माता का दर्जा 

महाराज जी ने कहा कि समस्त संतों का यह साझा प्रयास है कि वर्तमान सरकार द्वारा गाय को केवल पशुओं की श्रेणी में न रखकर, संविधान में उन्हें राष्ट्र माता, राष्ट्र देव या राष्ट्र आराध्या का सर्वोच्च संवैधानिक पद प्रदान किया जाए। देशव्यापी स्तर पर गौवंश की हत्या को पूरी तरह प्रतिबंधित करने और दोषियों को सख्त से सख्त सजा दिलाने के लिए एक मजबूत केंद्रीय कानून बनाने की मांग की जा रही है। गाय की उपयोगिता को ग्रामीण अर्थव्यवस्था में पुनर्जीवित करने के लिए गोबर और गोमूत्र से निर्मित जैविक उत्पादों को बढ़ावा देने तथा दुग्ध उत्पादन बढ़ाने पर जोर दिया गया, जिससे हर किसान के घर में गाय का पालन आर्थिक रूप से समृद्धशाली बने।

अभिलाष पाठक को मिली तहसील की कमान 

घुघरी में अभियान को जमीनी स्तर पर मजबूत करने के लिए संगठन द्वारा नियुक्तियां भी की गईं। इसके तहत अभिलाष पाठक को तहसील की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई है। वहीं, भाजपा नेता एवं समाजसेवी नीरज मरकाम के नेतृत्व में पूरी टीम इस अभियान को ब्लॉक स्तर पर सफल बनाने के लिए लगातार सक्रिय भूमिका निभा रही है।

हस्ताक्षर अभियान से जुडऩे की अपील 

महाराज जी ने क्षेत्र के सभी गौ भक्तों, सनातनियों और राष्ट्र प्रेमियों से इस पुनीत अभियान का हिस्सा बनने का आह्वान किया है। उन्होंने सभी से अपील की है कि वे इस राष्ट्र व्यापी मांग के समर्थन में चलाए जा रहे हस्ताक्षर अभियान में बढ़-चढ़कर भाग लें और देश से गौ हत्या के कलंक को सदैव के लिए मिटाने में अपना बहुमूल्य योगदान दें।


रिपोर्टर- दुर्गेश प्रजापति घुघरी ✍️


 

Leave a Comment