जबलपुर का शातिर चोर गिरफ्तार, 2.70 लाख की बाइक और 9 मोबाइल बरामद
मनेरी क्षेत्र में मोबाइल और बाइक चोरी करने वाला आदतन अपराधी चढ़ा पुलिस के हत्थे, चोरी का मशरूका जब्त
- मनेरी पुलिस ने शातिर चोर को दबोचा
- मोटरसाइकिल सहित 9 एंड्रॉइड मोबाइल जब्त
मंडला महावीर न्यूज 29. पुलिस अधीक्षक मंडला राजेश रघुवंशी के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शिव कुमार वर्मा तथा एसडीओपी निवास पीएस बालरे के मार्गदर्शन में चौकी मनेरी पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने क्षेत्र में लगातार हो रही मोबाइल और वाहन चोरी की वारदातों का पर्दाफाश करते हुए एक शातिर चोर को गिरफ्तार किया है, जिसके पास से करीब 2.70 लाख मूल्य की शत-प्रतिशत चोरी गई संपत्ति बरामद की गई है।
रात में घर के सामने से पार की थी बाइक
मनेरी क्षेत्र में पिछले 15 दिनों से मोबाइल चोरी की शिकायतें मिल रही थीं। इसी बीच 3 जुलाई 2026 को ग्राम मेडी निवासी संजय उर्फ भूरा बर्मन ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि अज्ञात चोर उनके घर से स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल क्रमांक एमपी 20 एनक्यू 7928 चोरी कर ले गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की। साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने संदिग्ध शिवम मरावी उम्र 19 वर्ष, निवासी ग्राम खुख्न, थाना कुंडम, जिला जबलपुर को हिरासत में लेकर पूछताछ की।
पूछताछ में उगलीं कई वारदातें, आरोपी है आदतन अपराधी
कड़ाई से पूछताछ करने पर आरोपी शिवम मरावी ने मोटरसाइकिल चोरी की बात कबूल की। इसके साथ ही उसने पिछले 15 दिनों में मनेरी और जबलपुर के बरेला क्षेत्र से 9 स्मार्टफोन चोरी करने की वारदातें भी स्वीकार कीं। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर चोरी की बाइक और विभिन्न कंपनियों के 9 कीमती मोबाइल फोन बरामद किए हैं। पुलिस के अनुसार आरोपी आदतन अपराधी है, जिसके खिलाफ जबलपुर के बरेला थाने में पहले से 3 आपराधिक मामले दर्ज हैं।
इनकी रही सराहनीय भूमिका
इस पूरी कार्रवाई में चौकी प्रभारी मनेरी उप निरीक्षक शशांक शुक्ला, सहायक उप निरीक्षक साधु सिंह, प्रधान आरक्षक बलिराम, अरविंद, आरक्षक आनंद कोरी और मुकेश शांडिल्य की महत्वपूर्ण भूमिका रही।









