पलंग के नीचे छिपाई 350 पाव अवैध देशी शराब जब्त

पलंग के नीचे छिपाई 350 पाव अवैध देशी शराब जब्त, दो आरोपी गिरफ्तार

बिछिया के परमाही टोला में अवैध शराब के जखीरे पर आबकारी का छापा

  • बिछिया में अवैध शराब संग्रहण पर आबकारी की दबिश
  • 63 बल्क लीटर मदिरा जब्त, आरोपी न्यायिक अभिरक्षा में

मंडला महावीर न्यूज 29. कलेक्टर राहुल नामदेव धोटे के निर्देशन एवं जिला आबकारी अधिकारी और प्रभारी सहायक जिला आबकारी अधिकारी शैली सैयाम के मार्गदर्शन में आबकारी विभाग ने मंडला के बिछिया वृत्त में अवैध शराब के खिलाफ एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है।जानकारी अनुसार मुखबिर से मिली सटीक सूचना के आधार पर आबकारी बल ने वार्ड नंबर 15, परमाही टोला बिछिया में एक संदिग्ध मकान पर दबिश दी। तलाशी के दौरान घर पर सुरेंद्र यादव 48 वर्ष और रवि यादव 21 वर्ष उपस्थित मिले। जब आबकारी टीम ने घर की विधिवत तलाशी ली, तो कमरे में पलंग के नीचे छिपाकर रखे गए देसी मदिरा प्लेन के 7 कार्टून बरामद हुए। प्रत्येक कार्टून में 50 नग के हिसाब से कुल 350 पाव मात्रा 63 बल्क लीटर अवैध शराब जब्त की गई।

आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज 

आरोपियों द्वारा शराब संग्रहण के संबंध में कोई भी वैध दस्तावेज प्रस्तुत न करने और विक्रय के उद्देश्य से धारण क्षमता से अधिक मदिरा रखने पर आबकारी विभाग ने सख्त रुख अपनाया। दोनों आरोपियों के विरुद्ध मध्य प्रदेश आबकारी अधिनियम की धारा 34(1)क और 34(2) के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया। जब्त की गई मदिरा की कुल अनुमानित कीमत 35 हजार रूपए आंकी गई है। आबकारी टीम ने आरोपियों को माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया, जहाँ से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा (जेल) में भेज दिया गया है।इस कार्रवाई में आबकारी उपनिरीक्षक सर्वेश नागवंशी, प्रधान आरक्षक हरे सिंह उइके, आरक्षक रघुनाथ उइके, महेश पटेल और कन्हैया उइके सहित समस्त आबकारी स्टाफ मुस्तैद रहा। विभाग ने स्पष्ट किया है कि क्षेत्र में अवैध मदिरा के निर्माण और विक्रय के खिलाफ यह दंडात्मक कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी।


Leave a Comment