डिजिटल अरेस्ट और ऑनलाइन फ्रॉड के खिलाफ मंडला पुलिस की जंग

सेफ क्लिक 2.0 अभियान के तहत स्कूलों और सरकारी दफ्तरों में सिखाए साइबर सुरक्षा के गुर

  • डिजिटल अरेस्ट और ऑनलाइन फ्रॉड के खिलाफ मंडला पुलिस की जंग
  • 1930 हेल्पलाइन और सीईआईआर पोर्टल को लेकर ग्रामीणों को किया जागरूक

मंडला महावीर न्यूज 29. पुलिस मुख्यालय भोपाल के निर्देशानुसार एवं पुलिस अधीक्षक मंडला राजेश रघुवंशी के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शिव कुमार वर्मा के मार्गदर्शन में जिले भर में सेफ क्लिक 2.0 अभियान के अंतर्गत व्यापक साइबर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। इसके तहत पुलिस टीमों ने विभिन्न विद्यालयों, शासकीय कार्यालयों एवं ग्रामीण क्षेत्रों में पहुंचकर आमजन और छात्र-छात्राओं को ऑनलाइन ठगी से बचने के उपाय बताए।अभियान के तहत चौकी हिरदेनगर के अंतर्गत आने वाले जवाहर नवोदय विद्यालय, पदमी में एक विशेष सत्र का आयोजन किया गया। एसडीओपी मंडला पीयूष मिश्रा के मार्गदर्शन में सूबेदार योगेश राजपूत एवं चौकी प्रभारी उप निरीक्षक हरछठ ठाकुर द्वारा 200 से अधिक विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं स्टाफ को साइबर अपराधों की बारिकियों से अवगत कराया गया। टीम ने विशेष रूप से यूपीआई, ओटीपी, क्यूआर कोड फ्रॉड, डिजिटल अरेस्ट, साइबर हेल्पलाइन 1930 एवं एनसीआरपी पोर्टल की कार्यप्रणाली की जानकारी दी।

पूरे जिले में थानों और चौकियों ने संभाली कमान 

जिले के शहरी और ग्रामीण इलाकों में जागरूकता फैलाने के लिए सभी प्रमुख थानों और चौकियों ने सक्रिय भूमिका निभाई। जिसमें थाना कोतवाली से प्रभारी निरीक्षक शफीक खान के नेतृत्व में कार्रवाई। थाना महाराजपुर से प्रभारी निरीक्षक डॉ. जयसिंह यादव द्वारा जागरूकता सत्र। थाना मोहगांव से प्रभारी निरीक्षक वेदराम हनोते के मार्गदर्शन में कार्यक्रम। थाना बिछिया से सउनि सुरेश विजयवार के नेतृत्व में टीम सक्रिय रही। इसके साथ ही थाना घुघरी, टिकरिया, नैनपुर, निवास, खटिया, बम्हनी बंजर, महिला थाना, यातायात थाना तथा चौकी मनेरी, हिरदेनगर, टाटरी, पिंडरई, सलवाह एवं पांडीवारा द्वारा अपने-अपने क्षेत्रों के स्कूलों, चौपालों और शासकीय कार्यालयों में लोगों को जागरूक किया गया।

इन प्रमुख साइबर खतरों से बचने के दिए टिप्स 

कार्यक्रमों के दौरान उपस्थित जनसमुदाय को डिजिटल अरेस्ट, फिशिंग लिंक, ओटीपी एवं यूपीआई फ्रॉड, सोशल मीडिया ठगी, केवायसी धोखाधड़ी, ऑनलाइन निवेश के नाम पर होने वाले धोखे एवं क्यूआर कोड स्कैम से बचाव के व्यावहारिक तरीके सिखाए गए।

दिलाई गई साइबर सुरक्षा की शपथ 

कार्यक्रम के अंत में पुलिस अधिकारियों द्वारा उपस्थित सभी विद्यार्थियों, शिक्षकों, शासकीय कर्मचारियों एवं आमजन को राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन 1930, राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल एवं खोए हुए मोबाइल को ब्लॉक करने वाले सीईआईआर पोर्टल के उपयोग की जानकारी दी गई। इसके साथ ही सभी को जिम्मेदार डिजिटल नागरिक बनने और साइबर सुरक्षा नियमों का पालन करने की शपथ भी दिलाई गई।


 

Leave a Comment