शासन और समाज के बीच सेतु है मप्र जन अभियान परिषद

जन अभियान परिषद् के स्थापना दिवस पर स्वैच्छिकता पर्व का आगाज

विद्यार्थियों ने एक पेड़ मां के नाम अभियान के तहत किया पौधारोपण

  • शासन और समाज के बीच सेतु है मप्र जन अभियान परिषद
  • बड़ीखैरी कॉलेज में पर्यावरण संरक्षण और नशामुक्ति का लिया संकल्प

मंडला महावीर न्यूज 29. मध्य प्रदेश जन अभियान परिषद् के स्थापना दिवस के उपलक्ष्य पर आज रानी दुर्गावती शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय बड़ी खैरी मंडला के प्रांगण में समाजकार्य के विद्यार्थियों द्वारा वृहद पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर उपस्थित जनों ने एक पेड़ मां के नाम अभियान के तहत पौधे रोपकर पर्यावरण संरक्षण का सामूहिक संकल्प लिया।

12 अगस्त तक मनेगा स्वैच्छिकता पर्व

स्थापना दिवस कार्यक्रम के दौरान विकासखंड समन्वयक संतोष कुमार झारिया ने परिषद के स्थापना दिवस एवं स्वैच्छिकता पर्व की शुभकामनाएँ दीं। उन्होंने बताया कि 4 जुलाई से 12 अगस्त तक चलने वाले इस पर्व के माध्यम से स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण, नशामुक्ति, सामाजिक समरसता और जनभागीदारी के संकल्प को सशक्त बनाया जाएगा। उन्होंने सभी से स्वच्छ व स्वस्थ मध्य प्रदेश के निर्माण में योगदान देने की अपील की।

शासन की योजनाओं को जन-जन तक पहुँचा रहा है तंत्र 

कार्यक्रम में परामर्शदाता लाला राम चक्रवर्ती ने परिषद् की कार्यप्रणाली पर प्रकाश डालते हुए बताया कि जिले के विकासखंडों को 5 सेक्टरों मंडला, पदमी, लिंगा पौंडी, बकौरी, महाराजपुर में बांटकर नवांकुर संस्थाओं व ग्राम विकास प्रस्फुटन समितियों के माध्यम से विकास कार्य किए जा रहे हैं। परिषद् ने स्वयंसेवी संस्थाओं का एक ऐसा मजबूत तंत्र स्थापित किया है, जो शासकीय योजनाओं को अंतिम हितग्राही तक आसानी से पहुँचा रहा है। कॉलेज में संचालित बीएसडब्ल्यू और एमएसडब्ल्यू पाठ्यक्रमों के विद्यार्थियों को सेक्टर स्तर पर प्रयोगशाला ग्राम आवंटित किए गए हैं, जहाँ वे व्यावहारिक कार्य करते हैं।

प्रशासन और समाज के बीच सेतु है परिषद् 

महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. टीपी मिश्रा ने परिषद् के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि जन अभियान परिषद् शासन और समाज के बीच सेतु का कार्य कर रही है। कार्यक्रम के अंत में संतोष कुमार रजक ने सभी को पर्यावरण संरक्षण की शपथ दिलाई। इस अवसर पर सामुदायिक नेतृत्व क्षमता विकास कार्यक्रम के नोडल अधिकारी खान सर सहित परामर्शदाता आशीष नामदेव, रागिनी हरदहा, दीपा श्रीवास और बड़ी संख्या में समाजकार्य के विद्यार्थी उपस्थित रहे।


 

Leave a Comment