हंसिए से सर्प को हटाकर खुद बचाई जान

खेत में काम कर रही महिला को सांप ने डसा

हंसिए से सर्प को हटाकर खुद बचाई जान

  • सूझबूझ से बची 66 वर्षीय बुजुर्ग महिला की जान
  • सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में उपचार जारी

मंडला महावीर न्यूज 29. क्षेत्र में लगातार हो रही बारिश के बीच खेतों और झाडिय़ों में विषैले जीव-जंतुओं का प्रकोप तेजी से बढऩे लगा है। इसी क्रम में जनपद पंचायत नारायणगंज के अंतर्गत आने वाले पोषक ग्राम बीजेगांव पाठा में एक सर्प ने बुजुर्ग महिला को डस लिया। बताया गया कि खेत में काम कर रही एक 66 वर्षीय बुजुर्ग महिला को जहरीले सांप ने डस लिया। महिला की सजगता और समय पर मिले इलाज के कारण फिलहाल उनकी जान सुरक्षित है।जानकारी अनुसार शनिवार सुबह लगभग 10 बजे ग्राम बीजेगांव निवासी समलो बाई कुशराम 66 वर्ष, पति बुद्धुलाल कुशराम अपने खेत में कचरा साफ कर रही थीं। इसी दौरान झाडिय़ों में छिपे एक विषैले सर्प ने अचानक उनके पैर पर डस लिया। घटना के समय खेत में कोई और मौजूद नहीं था। ऐसी स्थिति में भी बुजुर्ग महिला ने घबराने के बजाय अदम्य साहस का परिचय दिया। उन्होंने अपने हाथ में मौजूद हंसिए से सर्प को खुद से अलग किया और किसी तरह पास स्थित मकान तक पहुंचकर परिजनों को इसकी जानकारी दी।

अस्पताल में उपचार जारी, हालत स्थिर 

परिजनों ने बिना कोई समय गंवाए तत्काल महिला को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नारायणगंज में भर्ती कराया। अस्पताल के चिकित्सकों द्वारा त्वरित कार्रवाई करते हुए महिला का प्राथमिक उपचार और एंटी-स्नेक वेनम दिया गया। बताया गया कि सही समय पर इलाज मिलने की वजह से महिला की स्थिति अब सामान्य और स्थिर बनी हुई है।

स्वास्थ्य विभाग की अपील 

बारिश के मौसम में खेतों, झाडिय़ों और जलभराव वाले क्षेत्रों में सांपों का निकलना आम बात है। स्वास्थ्य विभाग ने सभी किसानों और ग्रामीणों से अपील की है कि वे खेतों में काम करते समय पैरों में गमबूट और हाथों में सुरक्षा उपाय अपनाएं। इसके साथ ही सर्पदंश की स्थिति में झाड़-फूंक के अंधविश्वास में समय गंवाने के बजाय मरीज को तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र लेकर आएं।


Leave a Comment