सिघनपुरी से शाहा सड़क निर्माण में लापरवाही

सिघनपुरी से शाहा सड़क निर्माण में भारी लापरवाही

पुलिया में अभी से आईं दरारें, जांच की मांग

  • ग्रेवल सड़क के पुराने पाइपों का ही कर दिया नवीनीकरण
  • बिना बेस तैयार किए 9 लाख हड़पने का आरोप

मंडला महावीर न्यूज 29. जनपद पंचायत नारायणगंज के अंतर्गत ग्राम पंचायत शाहा में विकास कार्यों के नाम पर सरकारी राशि के दुरुपयोग और घटिया निर्माण का बड़ा मामला सामने आया है। सिघनपुरी से शाहा के बीच वर्ष 2023-24 में बनाई गई ग्रेवल सड़क और हाल ही में स्वीकृत पुलिया निर्माण में तकनीकी मापदंडों को ताक पर रख दिया गया है, जिसके चलते नवनिर्मित संरचना में जगह-जगह दरारें आ गई हैं।

पुराने पाइपों का ही कर दिया इस्तेमाल, नहीं डाला बेस 

ग्रामीणों का आरोप है कि पूर्व में ग्राम पंचायत द्वारा बनाई गई ग्रेवल सड़क के दौरान जो पाइप डाले गए थे, ठेकेदार और संबंधित एजेंसी ने नई पुलिया की स्वीकृति मिलने के बाद भी उन्हीं पुराने छोटे पाइपों का दोबारा उपयोग कर लिया। लगभग 9 लाख रुपये की लागत से स्वीकृत इस पुलिया निर्माण में एस्टीमेट के नियमों की जमकर धज्जियां उड़ाई गई हैं। बिना मजबूत बेस डाले ही पुलिया खड़ी कर दी गई और इसकी लंबाई व चौड़ाई का भी ध्यान नहीं रखा गया।

लाखों की राशि आहरण पर उठे सवाल 

क्षेत्रीय जनता का कहना है कि बिना किसी गुणवत्ता और मापदंड के काम को आनन-फानन में पूरा दिखाकर लगभग 9 लाख की राशि का आहरण भी कर लिया गया है। इस भ्रष्टाचार और घटिया निर्माण को लेकर ग्रामीणों में भारी आक्रोश है। ग्रामीणों ने इस पूरे मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों पर कार्रवाई के लिए मोर्चा खोल दिया है।

जनपद अध्यक्ष ने किया मुआयना, उच्च अधिकारियों को लिखा पत्र 

मामले की शिकायत मिलते ही जनपद अध्यक्ष आशाराम भारतीया ने तत्काल मौके पर पहुंचकर स्थिति का जमीनी अवलोकन किया। उन्होंने निर्माण कार्य में प्रथम दृष्टया भारी अनियमितता और लापरवाही पाई। जनपद अध्यक्ष ने ग्रामीणों को आश्वासन देते हुए उच्च अधिकारियों को जांच के लिए पत्र लिखा है। उन्होंने मांग की है कि इस पूरे मामले की तकनीकी जांच कराई जाए और शासकीय राशि का दुरुपयोग करने वालों पर सख्त कार्रवाई करते हुए दोबारा गुणवत्तापूर्ण पुलिया का निर्माण कराया जाए।


 

Leave a Comment