मवई-कुडैला मार्ग पर निर्माणाधीन पुलिया बारिश में बही

मवई-कुडैला मार्ग पर निर्माणाधीन पुलिया बारिश में बही

ठेकेदार की लापरवाही से यात्री परेशान

  • मुख्य सड़क का एप्रोच रोड बहने से आवागमन ठप
  • डिंडौरी-मंगली बस सेवा मवई में ही थमी
  • धीमी गति से चल रहे निर्माण कार्य के खिलाफ फूटा स्थानीय ग्रामीणों का गुस्सा

मंडला महावीर न्यूज 29.  मवई मुख्यालय को मंडला से जोड़ने वाली और नेशनल हाईवे 30 को मिलाने वाली मुख्य सड़क पर राहगीरों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। क्षेत्र की इस सबसे व्यस्त और प्रमुख सड़क (मवई-कुडैला मार्ग) पर ठेकेदार की लापरवाही और निर्माण कार्य में हो रही अत्यधिक देरी अब आम जनता पर भारी पड़ने लगी है।

गुरुवार को क्षेत्र में हुई तेज बारिश ने निर्माण कार्य की पोल खोल कर रख दी। बारिश के तेज बहाव में निर्माणाधीन पुलिया और उसके बगल से निकाला गया वैकल्पिक एप्रोच रोड पूरी तरह बह गया। रास्ता बंद होने के कारण मेड़ाघोटा और मजगांव से मवई आए ग्रामीण वापसी के दौरान पुलिया के पास ही फंस गए। घंटों फंसे रहने के कारण बुजुर्गों, महिलाओं और बच्चों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।

बस सेवा प्रभावित, यात्री हुए बेहाल

पुलिया के क्षतिग्रस्त होने का सीधा असर क्षेत्र की परिवहन व्यवस्था पर पड़ा है। डिंडौरी से समनापुर होते हुए मंगली की ओर जा रही यात्री बस को रास्ता बंद होने के कारण मवई मुख्यालय में ही रोकना पड़ा। अचानक बस रुकने से डिंडौरी और समनापुर की ओर आने-जाने वाले यात्री बीच मझधार में फंस गए और उन्हें अपने गंतव्य तक पहुँचने के लिए भारी मशक्कत करनी पड़ी।

स्थानीय लोगों में आक्रोश, जल्द निर्माण की मांग

स्थानीय निवासियों का कहना है कि ठेकेदार द्वारा निर्माण कार्य बेहद धीमी गति से किया जा रहा है। मानसून सिर पर होने के बावजूद सुरक्षा और पुख्ता वैकल्पिक मार्ग के इंतजाम नहीं किए गए, जिसका खामियाजा आज पूरा क्षेत्र भुगत रहा है।

ग्रामीणों की मांग: क्षेत्रवासियों ने जिला प्रशासन से मांग की है कि स्थिति की गंभीरता को देखते हुए तत्काल वैकल्पिक व्यवस्था कराई जाए और ठेकेदार को निर्देशित कर पुलिया व सड़क का निर्माण कार्य युद्धस्तर पर पूरा कराया जाए, ताकि आवागमन सुचारू हो सके।


रिपोर्टर- संदीप श्रीवास, मवई


Leave a Comment