ऑनलाइन ठगी के शिकार पीड़ित को वापस मिले पैसे

नैनपुर पुलिस और साइबर सेल का एक्शन

ऑनलाइन ठगी के शिकार पीड़ित को वापस मिले पैसे

  • साइबर फ्रॉड पर मंडला पुलिस का त्वरित प्रहार
  • 3 हजार रुपए की राशि होल्ड कराकर खाते में कराई वापसी 

मंडला महावीर न्यूज 29। ऑनलाइन साइबर अपराधों के विरुद्ध मंडला पुलिस को एक और बड़ी सफलता मिली है। पुलिस अधीक्षक मंडला राजेश रघुवंशी, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शिव कुमार वर्मा एवं एसडीओपी नैनपुर मनीष राज के कुशल निर्देशन व मार्गदर्शन में थाना नैनपुर पुलिस और साइबर सेल ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक पीड़ित को राहत पहुंचाई है।
शिकायतकर्ता के साथ ऑनलाइन धोखाधड़ी की वारदात हुई थी, जिसकी शिकायत उन्होंने 11 जून 2026 को राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल (NCRP) पर दर्ज कराई थी। शिकायत प्राप्त होते ही थाना नैनपुर पुलिस और साइबर सेल की टीम तुरंत एक्शन में आई। टीम ने संबंधित बैंक एवं अन्य वित्तीय एजेंसियों से तत्काल समन्वय स्थापित किया। सूझबूझ का परिचय देते हुए पुलिस ने उस बैंक खाते को तुरंत होल्ड (फ्रीज) करवा दिया, जिसमें ठगी की रकम ट्रांसफर की गई थी।

सफलतापूर्वक वापस मिली राशि

पुलिस और साइबर सेल के लगातार प्रयासों के परिणामस्वरूप 01 जुलाई 2026 को शिकायतकर्ता के साथ हुई तीन हजार रुपए की ऑनलाइन ठगी की पूरी राशि सफलतापूर्वक उनके बैंक खाते में वापस करा दी गई। पैसे वापस मिलने पर पीड़ित ने पुलिस प्रशासन का आभार व्यक्त किया है।

इनकी रही सराहनीय भूमिका

इस त्वरित और प्रभावी कार्रवाई में अधिकारियों व कर्मचारियों की मुख्य भूमिका रही। जिसमें थाना प्रभारी निरीक्षक मंशाराम वगेन, साइबर सेल प्रभारी निरीक्षक राजेंद्र बिसेन, उप निरीक्षक: दीपक बघेल, आरक्षक रंजीत, महिला आरक्षक रागिनी, साइबर सेल शाखा मंडला से आरक्षक सुरेश भटेरे एवं आरक्षक सूर्यचंद्र बघेल की भूमिका रही।

मंडला पुलिस की आम जनता से अपील

मंडला पुलिस ने नागरिकों को सचेत करते हुए अपील की है कि यदि आप किसी भी प्रकार की ऑनलाइन ठगी या साइबर अपराध का शिकार होते हैं, तो बिल्कुल न घबराएं। तत्काल राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर कॉल करें या आधिकारिक वेबसाइट www.cybercrime.gov.in पर अपनी शिकायत दर्ज कराएं। समय पर दी गई सूचना से ठगी गई राशि वापस मिलने की संभावना बढ़ जाती है।


 

Leave a Comment