स्कूलों में ‘नेशनल डॉक्टर्स डे’ की धूम
नन्हे बच्चों ने सीखी सेहत की कतरन, डॉक्टरों ने दिया ‘नो मोबाइल’ का मंत्र
- फ्यूचर हीलर्स रैंप वॉक और लघु नाटिका से विद्यार्थियों ने जीता दिल
- ब्रेन चाइल्ड एकेडमी में मनाया डॉक्टर्स डे, मानवता के सच्चे प्रहरी हैं डॉक्टर
- ब्रेन चाइल्ड एकेडमी में चिकित्सकों के सम्मान में हुआ आयोजन
मंडला महावीर न्यूज 29. राष्ट्रीय चिकित्सक दिवस के अवसर पर ब्रेन चाइल्ड एकेडमी में डॉक्टर का समर्पण और मानवता की सेवा थीम के तहत श्रद्धा एवं सम्मान के साथ एक शानदार कार्यक्रम आयोजित किया गया। समारोह का शुभारंभ महान चिकित्सक व समाजसेवी डॉ. बीसी रॉय के चित्र पर माल्यार्पण कर किया गया।
इस दौरान विद्यार्थियों ने चिकित्सा समुदाय को समर्पित एक प्रभावशाली लघु नाटिका और आकर्षक नृत्य प्रस्तुत कर सभी का मनमोह लिया। कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण फ्यूचर हीलर्स रैंप वॉक रहा, जिसमें बच्चे विभिन्न चिकित्सा विशेषज्ञों की वेशभूषा में नजर आए। इसके साथ ही छात्रों को आपातकालीन स्थितियों से निपटने के लिए प्राथमिक उपचार और सीपीआर का उपयोगी जीवनरक्षक प्रदर्शन भी दिखाया गया।
समापन पर एकेडमी के संचालक निशांत शुक्ला ने प्रेरणादायी उद्बोधन देते हुए विद्यार्थियों से चिकित्सकों की मानवीय सेवाओं का सम्मान करने और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का आह्वान किया।
किड्जी प्ले स्कूल में नेशनल डॉक्टर्स डे की धूम
नन्हे बच्चों को मिले सेहत और मुस्कान के टिप्स
- मोबाइल से दूर रहने की सलाह
- डॉक्टरों से संवाद कर खिले बच्चों के चेहरे
- किड्जी सिविल लाइन में डॉक्टरों ने सिखाए दांतों और आँखों की देखभाल के गुर
मंडला महावीर न्यूज 29. सिविल लाइन स्थित किड्जी प्ले स्कूल में राष्ट्रीय चिकित्सक दिवस बड़े ही उत्साह, उमंग और सम्मान के साथ मनाया गया। इस विशेष अवसर पर स्कूल परिसर में जिले के प्रतिष्ठित चिकित्सकों को आमंत्रित किया गया, जिन्होंने खेल-खेल में नन्हे बच्चों को स्वास्थ्य, व्यक्तिगत स्वच्छता और शरीर की सही देखभाल से जुड़ी बेहद महत्वपूर्ण जानकारियाँ दीं।
कार्यक्रम में मुख्य रूप से उपस्थित नेत्र रोग विशेषज्ञ डॉ. साकेत अग्रवाल ने बच्चों को अच्छे स्वास्थ्य के लिए समय पर सोने, संतुलित आहार लेने और नियमित व्यायाम करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने बच्चों को मोबाइल फोन का अत्यधिक उपयोग न करने की सख्त सलाह देते हुए बताया कि ज्यादा स्क्रीन टाइम उनकी मासूम आँखों को नुकसान पहुँचा सकता है।
वहीं दंत चिकित्सक डॉ. नेहा तिवारी ने बच्चों को दांतों की स्वच्छता का महत्व समझाया। उन्होंने अपने दंत चिकित्सा उपकरणों के माध्यम से बच्चों को दिन में दो बार सही तरीके से ब्रश करने की प्रक्रिया को बेहद सरल और रोचक ढंग से प्रदर्शित किया।
डॉक्टरों और बच्चों के बीच यह संवादात्मक सत्र बेहद आनंददायक रहा, जहाँ बच्चों ने अपनी जिज्ञासा के अनुसार कई सवाल पूछे और डॉक्टरों ने भी बड़े प्यार से उनके जवाब दिए। यह पूरा आयोजन विद्यालय की प्राचार्या शालिनी शुक्ला एवं शैक्षणिक समन्वयक राशि पमनानी के कुशल मार्गदर्शन में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।
प्रीस्कूल के बच्चों ने सीखे सेहत और स्वच्छता के गुर
ब्रेन चाइल्ड एकेडमी पड़ाव शाखा में उत्साह से मनाया गया नेशनल डॉक्टर्स डे
- डॉक्टर से न डरें बच्चे, अपनाएं अच्छी आदतें
- डॉ. जागृति अग्रवाल ने प्रीस्कूल के नन्हें छात्रों को दिया सफलता और स्वास्थ्य का मंत्र
मंडला महावीर न्यूज 29. पड़ाव स्थित ब्रेन चाइल्ड एकेडमी प्रीस्कूल शाखा में राष्ट्रीय चिकित्सक दिवस हर्षोल्लास और गरिमा के साथ मनाया गया। इस विशेष अवसर पर शहर की जानी-मानी और प्रतिष्ठित चिकित्सक डॉ. जागृति अग्रवाल मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं, जिन्होंने अपने प्रेरणादायक विचारों से नन्हे बच्चों का मार्गदर्शन किया।
कार्यक्रम के दौरान डॉ. जागृति अग्रवाल ने प्रीस्कूल के छोटे-छोटे विद्यार्थियों को अच्छे स्वास्थ्य और स्वच्छ जीवनशैली का महत्व बेहद सरल और मनोरंजक ढंग से समझाया। उन्होंने बच्चों को नियमित रूप से हाथ धोने का सही तरीका, शरीर की साफ-सफाई, पौष्टिक व संतुलित आहार लेने तथा दैनिक जीवन में अच्छी आदतों को अपनाने के लिए प्रेरित किया।
उन्होंने बच्चों के मन से डॉक्टर का डर दूर करते हुए कहा कि अस्वस्थ होने या चोट लगने पर बिना घबराए डॉक्टर के पास जाना चाहिए। इसके साथ ही उन्होंने बच्चों को जीवन में अनुशासित रहने और नियमित पढ़ाई करने की सीख दी। बच्चों में स्वास्थ्य, स्वच्छता और सकारात्मक जीवन मूल्यों के प्रति जागरूकता लाने के उद्देश्य से आयोजित यह कार्यक्रम बेहद सफल रहा। यह पूरा आयोजन संस्थान की सेंटर हेड शालिनी शुक्ला के कुशल मार्गदर्शन एवं पर्यवेक्षण में संपन्न हुआ, जिसमें विद्यालय के समस्त शिक्षण स्टाफ का सराहनीय सहयोग रहा।










