मंडला एसपी ने किया बीजाडांडी थाने का औचक निरीक्षण

मंडला एसपी ने किया बीजाडांडी थाने का औचक निरीक्षण

  • सेफ क्लिक 2.0 अभियान के तहत नागरिकों को किया साइबर अपराधों के प्रति जागरूक
  • लंबित मामलों के त्वरित निराकरण के निर्देश, जनपद सभागार में दी साइबर सुरक्षा की सीख

मंडला महावीर न्यूज 29. पुलिस अधीक्षक मंडला राजेश रघुवंशी ने थाना बीजाडांडी का वार्षिक, औचक निरीक्षण कर क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने पुलिस अधिकारियों को क्षेत्र में कानून व्यवस्था चुस्त-दुरुस्त बनाए रखने तथा लंबित मामलों के त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निराकरण के कड़े निर्देश दिए।निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक रघुवंशी ने थाना परिसर की साफ-सफाई, मालखाना, रिकॉर्ड रूम, आगंतुक पंजी, सीसीटीएनएस अभिलेखों तथा लंबित अपराध व शिकायतों की बारीकी से समीक्षा की। उन्होंने स्पष्ट लहजे में कहा कि जनता की शिकायतों और लंबित अपराधों का त्वरित, गुणवत्तापूर्ण एवं विधिसम्मत निराकरण सुनिश्चित किया जाए, ताकि आमजन का पुलिस पर विश्वास और मजबूत हो सके।

साइबर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित 

थाने के निरीक्षण के बाद पुलिस अधीक्षक राजेश रघुवंशी जनपद पंचायत सभागार, बीजाडांडी पहुंचे। यहाँ उन्होंने साइबर जागरूकता के लिए चलाए जा रहे ऑपरेशन सेफ क्लिक 2.0 अभियान के अंतर्गत आयोजित कार्यक्रम में सहभागिता की। इस कार्यक्रम में जनपद पंचायत बीजाडांडी सीईओ, तहसीलदार, खंड चिकित्सा अधिकारी, थाना प्रभारी बीजाडांडी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी, महिला स्व-सहायता समूहों की सदस्य और भारी संख्या में आमजन उपस्थित रहे।

बैनर, पोस्टर और व्याख्यान से दी गई सीख 

सभागार में उपस्थित नागरिकों को बैनर, पोस्टर और विशेषज्ञों के व्याख्यान के माध्यम से वर्तमान में बढ़ रहे आधुनिक साइबर अपराधों के प्रति सचेत किया गया। कार्यक्रम में मुख्य रूप से डिजिटल अरेस्ट और फर्जी कॉल से कैसे बचें। फर्जी लिंक, ओटीपी एवं यूपीआई फ्रॉड से बचाव के तरीके। सोशल मीडिया ठगी तथा ऑनलाइन निवेश के नाम पर होने वाली धोखाधड़ी। साइबर फ्रॉड होने की स्थिति में तत्काल राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 एवं राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराने की प्रक्रिया बताई गई।

मंडला पुलिस का मूलमंत्र और अपील 

रुको, सोचो, फिर कार्रवाई करो। पुलिस अधीक्षक ने अपील करते हुए कहा कि डिजिटल दुनिया में किसी भी अनजान लिंक या कॉल पर बिना सोचे-समझे भरोसा न करें। थोड़ी सी सतर्कता आपको बड़े वित्तीय नुकसान से बचा सकती है।


Leave a Comment