कान्हा नेशनल पार्क के कोर जोन पर तीन माह के लिए लगेगा ताला

कान्हा नेशनल पार्क के कोर जोन पर तीन माह के लिए लगेगा ताला

रैनी सीजन में बफर जोन में जारी रहेगा रोमांच

  • कान्हा में इस सीजन रिकॉर्ड पर्यटकों ने किया वन्य प्राणियों का दीदार
  • देशी-विदेशी सैलानियों का आंकड़ा 2.41 लाख के पार

मंडला महावीर न्यूज 29. विश्व विख्यात कान्हा नेशनल पार्क के कोर एरिया में सोमवार 30 जून के बाद 01 जुलाई से अगले तीन महीनों के लिए पर्यटन पूरी तरह बंद हो जाएगा। रैन-सीजन की शुरुआत के चलते वन्यप्राणियों के प्रजनन काल और जंगलों के भीतर रास्तों के खराब होने की वजह से 1 जुलाई से 30 सितंबर तक कोर जोन में पर्यटकों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा । सैलानी अब 1 अक्टूबर से दोबारा वनराज के दीदार कर सकेंगे। पार्क बंद होने के ठीक पहले कान्हा में पर्यटकों का जबरदस्त सैलाब उमड़ा। इस दौरान कान्हा पार्क प्रसिद्ध बाघ, बाघिन सहित उनके शावकों ने पर्यटकों को खूब लुभाया। हालांकि कोर जोन बंद होने से क्षेत्र के करीब 150 होटल-रिसोर्ट, ढाबा संचालकों सहित लगभग 250 जिप्सी चालकों और गाइडों का व्यवसायिक रोजगार तीन माह के लिए प्रभावित होगा।

मानसून में बफर जोन रहेगा खुला 

कान्हा प्रबंधन ने बताया कि भले ही मुख्य कोर एरिया बंद हो रहा है, लेकिन पर्यटकों के लिए राहत की बात यह है कि बफर जोन बारिश के मौसम में भी खुला रहेगा। प्रबंधन द्वारा रैनी सीजन में बफर जोन के भीतर सफारी और ट्रैकिंग की विशेष व्यवस्था की गई है। लगभग 7 वर्ष पहले तक बारिश में बफर जोन भी बंद रहता था, लेकिन अब इसे खुला रखने से वन्यप्रेमी मानसून में भी प्रकृति का आनंद ले सकेंगे, जिससे स्थानीय होटल, रेस्टोरेंट और गाइडों की आजीविका भी चलती रहेगी।

इस साल पर्यटकों की संख्या ने छुआ नया आसमान 

कान्हा प्रबंधन से मिली जानकारी अनुसार कान्हा नेशनल पार्क में हर साल पर्यटकों की संख्या लगातार बढ़ रही है। वर्ष 2025-26 के पूरे सत्र जुलाई 2025 से जून 2026 तक में कुल 2 लाख 41 हजार 416 पर्यटकों ने कान्हा का भ्रमण किया, जो कि पिछले वर्षों की तुलना में एक बड़ा रिकॉर्ड है। बताया गया कि सत्र 2023-24 में कुल 2 लाख 41 हजार 329 पर्यटक सफारी करने पहुंचे। जिसमें 18 हजार 179 विदेशी पर्यटक और 2 लाख 23 हजार 150 देशी पर्यटक पार्क पहुंचे। वहीं सत्र 2024-25 में कुल 2 लाख 57 हजार 903 पर्यटक पहुंचे। जिसमें 23 हजार 165 विदेशी शामिल है। वहीं 2 लाख 34 हजार 738 देशी पर्यटक शामिल है। इसके साथ ही इस सत्र 2025-26 में कुल 2 लाख 41 हजार 416 पर्यटक पार्क पहुंचे। जिसमें 23 हजार 273 विदेशी और 2 लाख 18 हजार 143 देशी पर्यटक शामिल रहे।

विदेशी सैलानियों की संख्या बढ़ी 

बताया गया कि जुलाई से सितंबर 2025 के दौरान कोर एरिया पूरी तरह बंद रहा। अक्टूबर में खुलते ही पर्यटकों की आमद तेजी से बढ़ी। मई 2026 में कोर जोन में सबसे ज्यादा 25 हजार 723 सैलानी पहुंचे। इसके बाद दिसंबर 2025 में 23 हजार 183 और जनवरी 2026 में 23 हजार 083 पर्यटकों ने सफारी की। इस दौरान विदेशी सैलानियों की आमद भी बढ़ी। बताया गया कि इस सत्र कोर एरिया में कुल 22 हजार 212 विदेशी मेहमान आए, जिनमें सबसे अधिक विदेशी पर्यटकों की आमद फरवरी 2026 में 4 हजार 590 और मार्च 2026 में 5 हजार 239 पर्यटकों की संख्या दर्ज की गई। इसके साथ ही इस वर्ष जून 2026 में पार्क बंद होने के अंतिम महीने जून 2026 में भी 21 हजार 254 पर्यटकों ने कान्हा के जंगलों की सैर की।

अक्टूबर से चरणबद्ध तरीके से खुलेगा पार्क 

पार्क प्रबंधन ने बताया कि 1 अक्टूबर से कान्हा नेशनल पार्क के कोर एरिया के उन जोनों को खोल दिया जाता है जहां सड़कें जल्दी तैयार हो जाती हैं। इसके बाद मानसून का असर पूरी तरह खत्म होने पर 16 अक्टूबर से कोर एरिया के सभी जोनों में पर्यटकों को प्रवेश की अनुमति दे दी जाती है और पार्क में पर्यटन शुरू कर दिया जाता है।


Leave a Comment