घुघरी बस स्टैंड का कायाकल्प
59 लाख के फर्सीकरण के बाद अब यात्रियों को मिलेगा शीतल पेयजल
- जनपद अध्यक्ष जनिया बाई मरावी की पहल पर 4 प्रमुख स्थानों पर वाटर कूलर के लिए हुआ भूमिपूजन
मंडला महावीर न्यूज 29. घुघरी जनपद पंचायत के अंतर्गत आने वाली लगभग 47 पंचायतों और 96 गांवों के ग्रामीणों के लिए एक बेहद राहत भरी खबर है। अपनी दैनिक आवश्यकताओं और सामग्री की खरीदी के लिए विकासखंड मुख्यालय आने वाले हजारों ग्रामीणों और बस यात्रियों को अब भीषण गर्मी में प्यास बुझाने के लिए भटकना नहीं पड़ेगा। जनपद अध्यक्ष श्रीमती जनिया बाई मरावी की अनूठी पहल से क्षेत्र के प्रमुख सार्वजनिक स्थलों पर शीतल पेयजल वाटर कूलर की व्यवस्था की जा रही है, जिसका आज विधि-विधान से भूमिपूजन संपन्न हुआ।
होटलों पर निर्भरता होगी खत्म, चार प्रमुख स्थलों पर लगेंगे वाटर कूलर
बताया गया कि अब तक घुघरी मुख्यालय या बस स्टैंड आने वाले ग्रामीणों और क्षेत्रवासियों को पीने के पानी के लिए भारी किल्लत का सामना करना पड़ता था। प्यास लगने पर लोगों को मजबूरन महंगे दामों पर पानी खरीदना पड़ता था या होटलों का सहारा लेना पड़ता था। इस गंभीर जनसमस्या को संवेदनशीलता से लेते हुए जनपद अध्यक्ष ने पेयजल व्यवस्था सुदृढ़ करने का बीड़ा उठाया है। योजना के तहत क्षेत्र के चार प्रमुख व्यस्तम स्थान बस स्टैंड परिसर, त्यागी चौक, बिछिया रोड, जनपद पंचायत परिसर में बोर खनन कराने के साथ ही ठंडे पानी के लिए आधुनिक वाटर कूलर स्थापित किए जाएंगे।
59 लाख की लागत से फर्सीकरण, कीचड़ से मिली मुक्ति
पेयजल व्यवस्था के साथ ही बस स्टैंड की सूरत बदलने के लिए भी बड़ा कदम उठाया गया है। कुछ दिन पूर्व ही जनपद अध्यक्ष श्रीमती जनिया बाई मरावी एवं समस्त जनपद सदस्यों के विशेष सहयोग से बस स्टैंड परिसर में लगभग 59 लाख रुपए की लागत से फर्सीकरण (पेवर ब्लॉक) का कार्य पूर्ण कराया गया है। इससे पहले बारिश के दिनों में यहाँ भारी कीचड़ और जलजमाव के कारण यात्रियों का पैदल चलना भी दूभर हो जाता था। इस निर्माण कार्य से अब ग्रामीणों को कीचड़ की समस्या से हमेशा के लिए मुक्ति मिल गई है।
जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति में संपन्न हुआ भूमिपूजन
जनपद अध्यक्ष श्रीमती जनिया बाई मरावी की अगुवाई में शीतल पेयजल कार्य का भूमिपूजन कार्यक्रम माहौल में संपन्न हुआ। इस अवसर पर क्षेत्र के कई प्रमुख जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे, जिनमें मुख्य रूप से जनपद उपाध्यक्ष सिहारे करचाम, जनपद सदस्य श्रीमती पुष्पा झरिया, घुघरी सरपंच श्रीमती यशोदा मरावी, उपसरपंच दुर्गेश चौकसे और सचिव शिवकुमार बैरागी शामिल रहे। इस विकास कार्य और पेयजल सुविधा की शुरुआत होने से स्थानीय व्यापारियों, बस चालकों और दूर-दराज के गांवों से आने वाले ग्रामीणों में हर्ष की लहर है। सभी ने जनपद पंचायत प्रशासन और अध्यक्ष का आभार व्यक्त किया है।
इनका कहना है
मुख्यालय आने वाले हमारे ग्रामीण भाई-बहनों और यात्रियों को मूलभूत सुविधाएं देना हमारी पहली प्राथमिकता है। फर्सीकरण के बाद अब शुद्ध व शीतल पेयजल मिलने से क्षेत्रवासियों को बड़ी राहत मिलेगी।
श्रीमती जनिया बाई मरावी, अध्यक्ष – जनपद पंचायत घुघरी










