बोलेरो की टक्कर से बाइक सवार की मौत

बोलेरो की टक्कर से बाइक सवार की मौत, गुस्साए ग्रामीणों ने किया चक्काजाम

छपरा चौराहा पर बोलेरो ने बाइक को मारी भीषण टक्कर

  • नर्मदा स्नान कर लौट रहे ग्रामीण की मौत
  • सड़क हादसे के बाद ग्रामीणों का आक्रोश, जेवरा-चकदेही मार्ग किया जाम
  • विधायक चैनसिंह वरकड़े और प्रशासन की समझाइश के बाद खुला जाम

मंडला महावीर न्यूज 29. मंडला जिले के निवास थाना क्षेत्र अंतर्गत सोमवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। छपरा चौराहा पर एक तेज रफ्तार बोलेरो ने मोटरसाइकिल को जोरदार टक्कर मार दी। इस हादसे में बाइक सवार की मौत हो गई। घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने जेवरा-चकदेही मुख्य मार्ग पर चक्काजाम कर दिया, जिससे सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। मौके पर पहुंचे निवास विधायक और प्रशासनिक अधिकारियों की समझाइश व मुआवजे के आश्वासन के बाद जाम समाप्त हो सका।जानकारी अनुसार वन ग्राम केरीवाह निवासी सुरेश मरावी पिता पहल सिंह, उम्र लगभग 45 वर्ष सोमवार सुबह पूर्णिमा के पावन अवसर पर अपनी बाइक से चकदेही नर्मदा तट स्नान करने गए थे। स्नान करने के बाद जब वह वापस अपने गांव लौट रहे थे, इसी दौरान जेवरा मार्ग की ओर से आ रही एक तेज रफ्तार बोलेरो वाहन ने उन्हें सामने से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बोलेरो अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खेत में जा घुसी, और बोलेरो का चालक मौके का फायदा उठाकर वाहन छोड़कर फरार हो गया।

मौत की खबर मिलते ही भड़का आक्रोश, तीन घंटे रहा चक्काजाम 

सड़क हादसे के बाद स्थानीय लोगों की मदद से गंभीर रूप से घायल सुरेश मरावी को तुरंत बबलिया प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र ले जाया गया। हालांकि हादसे में सुरेश को गंभीर चोटे आई थी। चिकित्सक ने घायल का जांच, परीक्षण किया और सुरेश को मृत घोषित कर दिया। बताया गया कि घटना सुबह लगभग 10 बजे की है। शुरुआत में जब घायल को अस्पताल ले जाया गया, तब मौके पर कम ही लोग थे। लेकिन दोपहर को जैसे ही सुरेश की मौत की खबर गांव पहुंची, मृतक के परिजनों और बड़ी संख्या में ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। ग्रामीण छपरा चौराहा पर एकत्रित हो गए और जेवरा-चकदेही मार्ग को पूरी तरह अवरुद्ध कर दिया। प्रदर्शनकारी फरार बोलेरो चालक की जल्द गिरफ्तारी और पीडि़त परिवार के लिए उचित मुआवजे की मांग कर रहे थे। चक्काजाम के कारण राहगीरों और यात्रियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा।

मौके पर पहुंचे विधायक और प्रशासनिक अधिकारी 

तनाव की स्थिति को देखते हुए निवास पुलिस बल तुरंत मौके पर पहुंचा। इसके साथ ही निवास विधायक चैनसिंह वरकड़े और तहसीलदार दिनेश वरकड़े भी घटनास्थल पर पहुंचे। विधायक और तहसीलदार ने आक्रोशित परिजनों व ग्रामीणों को ढांढस बंधाया। उन्होंने पीडि़त परिवार को तत्काल सहायता राशि देने, उचित सरकारी मुआवजा दिलाने और आरोपी चालक के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई का ठोस आश्वासन दिया। प्रशासनिक अधिकारियों और विधायक की समझाइश व निष्पक्ष न्याय के वादे के बाद ग्रामीण शांत हुए और करीब तीन घंटे से चला आ रहा प्रदर्शन समाप्त किया, जिसके बाद यातायात बहाल हो सका। पुलिस ने मामला दर्ज कर फरार चालक की तलाश शुरू कर दी है।


रिपोर्टर- रोहित प्रशांत चौकसे


Leave a Comment