शिक्षक ने निभाया राष्ट्र निर्माता का धर्म

शिक्षक ने निभाया राष्ट्र निर्माता का धर्म

अखिलेश ने स्वयं के व्यय से बैगा छात्राओं को बांटी अध्ययन व दैनिक सामग्री

  • एकल प्रकल्प प्रयास से संवर रहा जनजातीय बेटियों का भविष्य
  • बोर्ड परीक्षा के लिए शिक्षक ने लिया नि:शुल्क अध्यापन का संकल्प

मंडला महावीर न्यूज 29. जिले के शासकीय उत्कृष्ट विद्यालय में पदस्थ अंग्रेजी शिक्षक अखिलेश उपाध्याय ने एक बार फिर शिक्षक के सामाजिक दायित्वों और संवेदनशीलता की अनूठी मिसाल पेश की है। जिले में एक बेहतरीन करियर मार्गदर्शक और मोटिवेटर के रूप में अपनी पहचान बना चुके श्री उपाध्याय ने जनसहयोग से संचालित विशेष पिछड़ी बैगा जनजाति छात्रावास की बालिकाओं की मदद के लिए हाथ आगे बढ़ाए हैं। उन्होंने स्वयं के खर्च पर छात्रावास की सभी 55 बालिकाओं को जरूरी शैक्षणिक और दैनिक उपयोगी सामग्री का वितरण किया।

बांटी खुशियाँ, छात्राओं के चेहरे खिले 

छात्राओं के चेहरे तब खुशी से खिल उठे जब उन्हें शिक्षक की ओर से पेन, कॉपियां, पेंसिल किट, कॉफी मग, घडिय़ाँ और आगामी मानसून को देखते हुए छाते प्रदान किए गए। गौरतलब है कि अखिलेश उपाध्याय अपने एकल प्रकल्प प्रयास के माध्यम से पिछले कई वर्षों से लगातार शैक्षिक संवर्धन के कार्य कर रहे हैं। वे समय-समय पर जरूरतमंद विद्यार्थियों की पहचान कर उन्हें आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराते रहे हैं।

संस्कृति पर गर्व करें और मुख्यधारा से जुड़ें 

इस अवसर पर शिक्षक अखिलेश उपाध्याय ने बालिकाओं से संवाद किया और उनके मन में उठ रहे विभिन्न प्रश्नों के सहज उत्तर दिए। करियर मार्गदर्शन देते हुए उन्होंने छात्राओं का हौसला बढ़ाया और कहा कि विशेष पिछड़ी जनजाति की ये बेटियाँ तमाम विपरीत परिस्थितियों से लड़कर शिक्षा के क्षेत्र में आगे बढ़ रही हैं। इन्हें सिर्फ सामाजिक सहयोग की ही नहीं, बल्कि सही मार्गदर्शन की भी जरूरत है। उन्होंने जनजातीय समुदाय की महत्ता पर जोर देते हुए कहा कि बेटियों को अपनी जड़ों, संस्कृति और संस्कारों से जुड़े रहना चाहिए, क्योंकि यही उनकी असली पहचान है। वर्तमान परिवेश में बैगा बालिकाओं को अपनी समृद्ध संस्कृति पर गर्व करते हुए कड़ी मेहनत के दम पर समाज की मुख्यधारा में आना होगा, क्योंकि सफलता का कोई शॉर्टकट नहीं होता।

नि:शुल्क अध्यापन का लिया संकल्प 

संवाद के अंत में शिक्षक ने बेटियों को इस शैक्षणिक सत्र के दौरान बोर्ड परीक्षा की उत्कृष्ट तैयारी कराने और नि:शुल्क अध्यापन सेवा देने का संकल्प लिया। छात्रावास प्रबंधन और वार्डन ने शिक्षक के इस निस्वार्थ प्रयास को अनुकरणीय और समाज के लिए प्रेरणादायी बताया है। इस दौरान प्रबंधन सहायक पटेल सहित छात्रावास का स्टाफ उपस्थित रहा।


Leave a Comment