यात्रियों को मिलेगी बड़ी राहत
मंडला फोर्ट स्टेशन पर अब रात में ही होगी ट्रेनों की सफाई
- स्वतंत्र रेल कार्यकर्ता नितिन सोलंकी की मुहिम रंग लाई
- SECR ने जारी किया आदेश
- 30 जुलाई तक शुरू होगी नई व्यवस्था
मंडला महावीर न्यूज 29. क्षेत्र में रेल सुविधाओं के विस्तार और यात्रियों की बुनियादी समस्याओं को लेकर लगातार संघर्ष कर रहे स्वतंत्र रेल कार्यकर्ता नितिन सोलंकी की मुहिम आखिरकार रंग लाई है। मंडला फोर्ट (MFR) टर्मिनल स्टेशन पर रात के समय घंटों खड़ी रहने वाली ट्रेनों में साफ-सफाई और पानी न भरे जाने की गंभीर समस्या का दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे (SECR) ने संज्ञान ले लिया है। रेलवे ने आधिकारिक तौर पर इस व्यवस्था को सुधारने के लिए हरी झंडी दे दी है, जिससे क्षेत्र के रेल यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी।
क्या थी मुख्य समस्या?
रेल कार्यकर्ता नितिन सोलंकी ने जनहित के तहत प्रधानमंत्री कार्यालय (PMO) और रेलवे बोर्ड को एक शिकायत भेजी थी। उन्होंने अवगत कराया था कि वर्तमान समय सारणी के अनुसार, जबलपुर/नैनपुर की ओर से आने वाली पैसेंजर ट्रेन रात लगभग 12:00 बजे मंडला फोर्ट स्टेशन पर आकर खड़ी हो जाती है। इसके बाद यही ट्रेन अगले दिन सुबह 05:10 बजे मंडला फोर्ट-जबलपुर पैसेंजर (51704) के रूप में रवाना होती है।
यह रैक पूरे 5 घंटे तक मंडला फोर्ट स्टेशन पर निष्क्रिय (Idle) खड़ा रहता था, लेकिन इसमें पानी भरने और सफाई की व्यवस्था यहाँ न होकर नैनपुर जंक्शन पर की जाती थी। नैनपुर में पानी भरने के बाद, ट्रेन के मंडला आने, रात भर खड़े रहने और सुबह रवाना होने के बीच एक लंबा समय बीत जाता था। इस वजह से सुबह यात्रा शुरू करने वाले यात्रियों—विशेषकर महिलाओं, वृद्धों और बच्चों को कोचों के शौचालयों में पानी की भारी किल्लत और गंदगी का सामना करना पड़ता था।
रेलवे का सकारात्मक फैसला और समय-सीमा तय
नितिन सोलंकी द्वारा सुझाए गए वैकल्पिक उपायों (आउटसोर्सिंग/निजी अनुबंध और क्विक वाटरिंग सिस्टम) पर विचार करते हुए दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे, नागपुर मंडल के यांत्रिक (C&W) विभाग ने सकारात्मक रुख अपनाया है।
रेलवे द्वारा जारी आधिकारिक आदेश (क्रमांक: यांत्रिक/के एंड वे/08/CPGRAMS/RPK/1309) के अनुसार:
“मंडला फोर्ट स्टेशन में सवारी गाड़ी की साफ-सफाई एवं पानी भरने संबंधी प्रस्तावित कार्य निजी अनुबंध (Private Contract) द्वारा 30.07.2026 तक प्रारंभ होने की संभावना है।”
जब तक यह नई व्यवस्था पूरी तरह से शुरू नहीं हो जाती, तब तक वैकल्पिक रूप से इन ट्रेनों की साफ-सफाई और पानी भरने का कार्य नैनपुर में यांत्रिक विभाग द्वारा सुचारू रूप से कराया जाता रहेगा।
इन ट्रेनों के संचालन की भी जगी उम्मीदें
क्षेत्र के नागरिकों के लिए एक और अच्छी खबर है। इस नई व्यवस्था के लागू होने और बुनियादी ढांचे के मजबूत होने से दो प्रमुख ट्रेनों के संचालन का रास्ता भी साफ होता नजर आ रहा है:
- पेंचवेली एक्सप्रेस: इस ट्रेन को अब मंडला से इंदौर तक चलाए जाने की उम्मीद है।
- मंडला-नागपुर-मंडला इंटरसिटी एक्सप्रेस: इस बहुप्रतीक्षित ट्रेन के भी जल्द ही मंडला से चालू होने की संभावना जताई जा रही है।
यात्रियों को मिलेगा सीधा फायदा
30 जुलाई तक निजी अनुबंध के तहत नाइट क्लीनिंग (रात में साफ-सफाई) और वाटरिंग पॉइंट की व्यवस्था शुरू होने से सुबह के वक्त सफर करने वाले हजारों यात्रियों को साफ-सुथरी ट्रेन और कोचों में पर्याप्त पानी की सुविधा मिलेगी। इस बड़ी प्रशासनिक सफलता पर क्षेत्र के रेल यात्रियों और नागरिकों ने स्वतंत्र रेल कार्यकर्ता के इस प्रयास की जमकर सराहना की है।
नितिन सोलंकी, स्वतंत्र रेल कार्यकर्ता











