मानवता की सेवा-रक्त नाड़ियों में बहे, नालियों में नहीं

मानवता की सेवा

संत निरंकारी भवन बिंझिया में आज लगेगा विशाल रक्तदान शिविर, तैयारियाँ पूरी

  • रक्त नाड़ियों में बहे, नालियों में नहीं
  • भव्य वाहन रैली निकालकर युवाओं ने दिया रक्तदान का संदेश

मंडला महावीर न्यूज 29.  संत निरंकारी चैरिटेबल फाउंडेशन के तत्वाधान में आज, 26 जून शुक्रवार को एक विशाल रक्तदान शिविर का आयोजन किया जा रहा है। यह पुनीत कार्यक्रम स्थानीय संत निरंकारी भवन, बिंझिया में सुबह 10:00 बजे से लेकर शाम 4:00 बजे तक आयोजित होगा। शिविर को लेकर संस्था और रक्तदाताओं में भारी उत्साह देखा जा रहा है।

जागरूकता के लिए निकाली भव्य वाहन रैली

शिविर के आयोजन से एक दिन पूर्व, शाम को संस्था के सदस्यों द्वारा शहर में एक भव्य वाहन रैली निकाली गई। यह रैली स्थानीय भगत सिंह वार्ड से प्रारंभ होकर नगर के विभिन्न मुख्य मार्गों और चौराहों से गुजरी। रैली का मुख्य उद्देश्य आम नागरिकों को रक्तदान के महत्व के प्रति जागरूक करना और उन्हें इस महादान के लिए प्रेरित करना था। रैली में बड़ी संख्या में संस्था के सेवादारों और स्थानीय नागरिकों ने हिस्सा लिया।

आकर्षक स्लोगन और नारों से किया प्रेरित

वाहन रैली के दौरान युवाओं और सदस्यों में विशेष उत्साह और ऊर्जा देखने को मिली। रैली में शामिल सदस्य हाथों में जागरूकता संदेशों की पट्टियां लिए हुए थे। इस दौरान “इंसान का रक्त इंसान की नाड़ियों में बहे, ना कि नालियों में” और “रक्तदान करके देखो, अच्छा लगता है” जैसे प्रेरक स्लोगनों के माध्यम से लोगों से मानवता की सेवा के लिए आगे आने का आह्वान किया गया।संत निरंकारी चैरिटेबल फाउंडेशन के पदाधिकारियों ने क्षेत्र के समस्त नागरिकों, युवाओं और प्रबुद्ध जनों से अपील की है कि वे आज बिंझिया स्थित संत निरंकारी भवन पहुंचकर इस विशाल रक्तदान शिविर का हिस्सा बनें और रक्तदान कर किसी का जीवन बचाने में अपना बहुमूल्य योगदान दें।


Leave a Comment