सेफ क्लिक 2.0 अभियान शुरू

सेफ क्लिक 2.0 अभियान शुरू, मंत्री सम्पतिया उइके और सांसद कुलस्ते ने रैली को दिखाई हरी झंडी

  • रुको-सोचो-फिर कार्रवाई करो के संदेश के साथ 8 जुलाई तक चलेगा अभियान
  • विवेचकों को बांटे गए हाईटेक टैबलेट

मंडला महावीर न्यूज 29. पुलिस मुख्यालय के आदेशानुसार एवं पुलिस अधीक्षक राजेश रघुवंशी के निर्देशन में मंडला जिला पुलिस द्वारा सेफ क्लिक साइबर जागरूकता अभियान 2026 का भव्य शुभारंभ किया गया। 8 जुलाई तक चलने वाले इस विशेष अभियान की शुरुआत वीरांगना रानी दुर्गावती के बलिदान दिवस पर रपटा घाट स्थित उनकी प्रतिमा के समक्ष आयोजित गरिमापूर्ण कार्यक्रम से हुई।कार्यक्रम में मुख्य रूप से कैबिनेट मंत्री श्रीमती सम्पतिया उइके, सांसद फग्गन सिंह कुलस्ते, कलेक्टर राहुल नामदेव धोटे, एसपी राजेश रघुवंशी सहित जिले के आला अधिकारी और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री द्वारा पुलिस विवेचकों को हाईटेक कार्यप्रणाली के लिए टैबलेट वितरित किए गए। इसके बाद अतिथियों ने सेफ क्लिक साइबर जागरूकता रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया, जिसने शहर के प्रमुख मार्गों से गुजरकर आमजन को जागरूक किया।

रुको-सोचो-फिर कार्रवाई करो का दिया मूल मंत्र 

बढ़ते साइबर अपराधों पर अंकुश लगाने के लिए इस अभियान का मुख्य संदेश रुको, सोचो, फिर कार्रवाई करो तय किया गया है। पुलिस द्वारा बिछिया और निवास अनुभाग सहित जिले भर में सरकारी योजना, फर्जी लोन ऐप, डिलीवरी मैसेज, डिजिटल अरेस्ट, निवेश ठगी और सोशल मीडिया फ्रॉड से बचने के तरीके सिखाए जा रहे हैं।

ठगी होने पर तुरंत करें 1930 पर संपर्क 

अभियान के तहत जिले के नैनपुर, मोहगांव, घुघरी, पिंडरई, हिरदेनगर और अंजनिया सहित सभी थानों व चौकियों में विशेष जागरूकता कार्यक्रम चलाए जा रहे हैं। मंडला पुलिस ने आमजन से पुरजोर अपील की है कि वे अपना ओटीपी, पासवर्ड या बैंक विवरण किसी से साझा न करें। यदि कोई भी व्यक्ति साइबर ठगी का शिकार होता है, तो वह तुरंत हेल्पलाइन नंबर 1930 पर कॉल करे या राष्ट्रीय साइबर अपराध पोर्टल पर अपनी शिकायत दर्ज कराए।


Leave a Comment