14 दिनों के सही इलाज और देखभाल से स्वस्थ हुई 6 माह की अति कुपोषित र्कीति
- सही स्तनपान और कंगारू मदर केयर से बढ़ा बच्ची का वजन
- खुश होकर मां ने जिला प्रशासन और अस्पताल टीम को कहा धन्यवाद
मंडला महावीर न्यूज 29. जिला चिकित्सालय मंडला के पोषण पुनर्वास केंद्र से कुपोषण के खिलाफ जंग जीतकर छह माह की मासूम बच्ची पूरी तरह स्वस्थ होकर अपने घर लौट आई है। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. डी. जे. मोहंती ने बताया कि नारायणगंज ब्लॉक के ग्राम छपारा निवासी संतोष और सुकमती उरेती की 6 वर्षीय बेटी कीर्ति उरेती को 23 मई 2026 को आंगनबाड़ी कार्यकर्ता के माध्यम से एनआरसी में भर्ती कराया गया था।
भर्ती के समय बच्ची का वजन मात्र 3.615 किलोग्राम और लंबाई 59 सेंटीमीटर थी, जिसके कारण वह अति कुपोषण की श्रेणी में आ रही थी। डॉक्टरों द्वारा केस हिस्ट्री लेने पर पता चला कि कामकाजी महिला होने के कारण मां बच्ची को पर्याप्त और सही तरीके से स्तनपान नहीं करा पा रही थी।
काउंसलिंग और कंगारू मदर केयर से सुधरी स्थिति
एनआरसी प्रभारी डॉ. कमलेश और स्टाफ की निगरानी में सबसे पहले मां की काउंसलिंग की गई और उसे स्तनपान कराने की सही विधि सिखाई गई। इसके साथ ही बच्ची को कंगारू मदर केयर के माध्यम से गर्म रखा गया और जरूरी चिकित्सा उपचार दिया गया। फीडिंग डिमॉन्स्ट्रेटर श्रीमती रश्मि वर्मा ने मां को बच्चे की देखभाल और ऊपरी पोषण आहार जैसे मसला हुआ आलू, केला, दाल का सूप और खिचड़ी देने की समझाइश दी।
परिजनों ने जताया आभार
14 दिनों की उचित देखरेख के बाद डिस्चार्ज के समय बच्ची का वजन बढ़कर 3.990 किलोग्राम हो गया। बच्ची अब पूरी तरह स्वस्थ है और मां भी सफलतापूर्वक स्तनपान करा रही है। बच्ची की मां सुकमती ने अस्पताल के डॉक्टरों और नर्सिंग स्टाफ का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि एनआरसी में मेरी बच्ची की बहुत अच्छी देखभाल हुई, जिससे उसका वजन बढ़ गया है। मैं और मेरा पूरा परिवार बेहद खुश हैं और जिला प्रशासन व अस्पताल टीम को धन्यवाद देते हैं।










