भ्रष्टाचार की सड़क में नियम दरकिनार

भ्रष्टाचार की सड़क में नियम दरकिनार

घटिया अनुपात से बन रहा सीसी सड़क

  • सरपंच, सचिव और इंजीनियर की मिलीभगत का आरोप
  • न रोलर चला न वाइब्रेटर, ग्रामीणों ने की उच्च स्तरीय जांच की मांग

मंडला महावीर न्यूज 29. विकासखंड बीजाडांडी के अंतर्गत आने वाली ग्राम पंचायत कटंगी के बस्ती मार्ग में इन दिनों सरकारी राशि के बंदरबांट और गुणवत्ताविहीन सड़क निर्माण कार्य का एक बड़ा मामला गरमाता जा रहा है। यहाँ बनाई जा रही सीमेंट कांक्रीट सड़क में तकनीकी मापदंडों को पूरी तरह ताक पर रखकर व्यापक पैमाने पर वित्तीय अनियमितता बरतने के आरोप लग रहे हैं। ग्रामीणों का सीधा आरोप है कि ग्राम पंचायत के सरपंच, सचिव और संबंधित उपयंत्री की आपसी मिलीभगत के चलते इस सड़क निर्माण को महज औपचारिकता में बदला जा रहा है।

नियम को दरकिनार कर बिना एस्टीमेट के बना रहे मसाला 

जानकारी अनुसार सरकारी नियमों और एस्टीमेट के तहत सीसी रोड निर्माण के लिए कंाक्रीट मिक्स का एक निश्चित और मजबूत अनुपात तय होता है। लेकिन कटंगी बस्ती मार्ग में अधिक मुनाफा कमाने और सरकारी बजट की हेराफेरी करने के चक्कर में मनमाने तरीके से 16-12$ का बेहद कमजोर मसाला तैयार किया जा रहा है। सड़क निर्माण के दौरान मौके पर $28 तगाड़ी गिट्टी, $26 तगाड़ी रेत के साथ मात्र एक बोरी सीमेंट का इस्तेमाल किया जा रहा है। रेत और गिट्टी की इतनी अत्यधिक मात्रा और सीमेंट की भारी कमी के कारण बनने वाली सड़क कुछ ही महीनों में उखडऩे की कगार पर पहुंच जाएगी, जो कि सीधे तौर पर एक गंभीर जांच का विषय है।

न रोलर चला, न वाइब्रेटर 

सड़क की तकनीकी बारीकियों को लेकर आक्रोशित ग्रामीणजनों ने बताया कि निर्माण कार्य शुरू करने से पहले जमीन पर होने वाले अर्थ वर्क को भी ठीक ढंग से नहीं किया गया। मिट्टी और मुर्रम बिछाने के बाद उसे मजबूत करने के लिए नियमित रोलर चलाया जाना अनिवार्य था, जिसे पंचायत ने पूरी तरह छोड़ दिया। इतना ही नहीं कांक्रीट बिछाने के बाद उसमें से हवा के बुलबुले निकालने और उसे ठोस बनाने के लिए वाइब्रेटर मशीन का उपयोग भी नहीं किया गया।

ग्रामीणों में आक्रोश, जांच की मांग 

इस घोर लापरवाही और घटिया निर्माण कार्य को लेकर ग्राम पंचायत कटंगी के नागरिकों में गहरा असंतोष और भारी आक्रोश व्याप्त है। ग्रामीणों ने जिला प्रशासन और जनपद पंचायत के वरिष्ठ अधिकारियों से पुरजोर मांग की है कि इस गुणवत्ताविहीन सीसी रोड के निर्माण कार्य पर तुरंत रोक लगाई जाए। इसके साथ ही मौके पर तकनीकी दल भेजकर मसाले की जांच कराई जाए और दोषी सरपंच, सचिव व इंजीनियर के खिलाफ सख्त वैधानिक कार्रवाई अमल में लाई जाए।


 

Leave a Comment