भरभराकर गिरी होर्डिंग, युवक गंभीर रूप से घायल

मंडला के उदय चौक में हादसा, युवक गंभीर रूप से घायल

भरभराकर गिरी होर्डिंग, चपेट में आने से युवक के सिर में आए 16 टांके

  • हादसे के कई घंटों बाद भी नहीं जागा नगर पालिका प्रशासन
  • आक्रोशित जनता ने उठाए होर्डिंग्स की निगरानी पर गंभीर सवाल

मंडला महावीर न्यूज 29. शहर के सबसे व्यस्ततम और वीआईपी क्षेत्रों में शुमार उदय चौक पर मंगलवार दोपहर को एक बड़ा और दर्दनाक हादसा हो गया। यहाँ बिना किसी वैध अनुमति के लगाई गई एक विशालकाय $20 वाई 30 फीट की फ्लेक्स होर्डिंग अचानक तेज आवाज के साथ भरभराकर जमींदोज हो गई। इस भारी-भरकम होर्डिंग की सीधे चपेट में आने से वहां से गुजर रहा एक स्थानीय युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। इस हादसे के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी और भगदड़ मच गई, वहीं प्रशासनिक अनदेखी को लेकर स्थानीय नागरिकों में भारी आक्रोश देखा जा रहा है।जानकारी अनुसार घायल युवक की पहचान जगदीश केवट के रूप में हुई है। चश्मदीदों ने बताया कि यह हादसा दोपहर लगभग दो बजे हुआ, जब जगदीश वहां से गुजर रहा था। अचानक करीब 3 क्विंटल वजनी लोहे के एंगल वाली विशाल होर्डिंग सीधे उसके सिर पर आ गिरी। आसपास के लोगों ने आनन-फानन में युवक को लहूलुहान हालत में जिला अस्पताल पहुंचाया। चिकित्सक ने बताया युवक के सिर में बेहद गंभीर चोट आई है, जिसके चलते उसके सिर पर करीब 12 से 16 टांके लगाने पड़े हैं। फिलहाल घायल जगदीश का जिला अस्पताल उपचार किया जा रहा है।

7 करोड़ के प्रोजेक्ट के पास बिना सपोर्ट के खड़ी थी मौत 

स्थानीय नागरिकों और प्रत्यक्षदर्शियों ने नगर पालिका की कार्यप्रणाली पर गंभीर आरोप लगाए हैं। बताया गया है कि जिस स्थान पर यह हादसा हुआ, वहां वर्तमान में लगभग 7 करोड़ की भारी-भरकम लागत से नगर पालिका का पार्किंग निर्माण कार्य चल रहा है। इसी निर्माण स्थल के ठीक समीप स्थित एक कमजोर दीवार के ऊपर यह भारी होर्डिंग बिना किसी पर्याप्त तकनीकी सुरक्षा, कांक्रीट बेस या मजबूत सपोर्ट के खड़ी कर दी गई थी। ऐसे में हल्के से हवा के झोंके या मामूली दबाव के कारण भी यह होर्डिंग कभी भी गिर सकती थी, जो अंतत: मंगलवार को एक राहगीर के लिए काल बन गई।

शाम तक नहीं पहुंचे जिम्मेदार अधिकारी, जनता में आक्रोश 

बताया गया कि इस घटना के कई घंटों बाद भी कोई जिम्मेदार प्रशासनिक अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचा। स्थानीय लोगों ने बताया कि शाम तक न तो नगर पालिका प्रशासन का कोई वरिष्ठ अधिकारी घटना का जायजा लेने आया और न ही होर्डिंग लगाने वाले रसूखदार व्यक्ति या संस्था की पहचान सार्वजनिक की गई। हद तो यह रही कि राहगीरों की जान जोखिम में डालने वाली वह गिरी हुई होर्डिंग भी लंबे समय तक सड़क किनारे वैसे ही लावारिस पड़ी रही।

कार्रवाई की मांग 

इस हादसे ने मंडला शहर में लंबे समय से बिना वैधानिक अनुमति के कुकुरमुत्ते की तरह तने बड़े-बड़े विज्ञापनों और अवैध होर्डिंगों के मकडज़ाल पर गंभीर सवालिया निशान लगा दिए हैं। स्थानीय नागरिकों ने जिला प्रशासन से पुरजोर मांग की है कि शहर में लगे सभी बड़े होर्डिंग्स की मजबूती और उनकी वैधानिकता की तत्काल उच्च स्तरीय जांच कराई जाए। बिना अनुमति और बिना तकनीकी मापदंडों के लगाए गए सभी खतरनाक होर्डिंग्स को तुरंत शहर से हटाया जाए। इस अवैध होर्डिंग को लगाने वाली एजेंसी और लापरवाही बरतने वाले नगर पालिका के अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए, जिससे भविष्य में ऐसे जानलेवा हादसों की पुनरावृत्ति न हो।


 

Leave a Comment