शादी समारोह में आए युवक का नाले में मिला शव

शादी समारोह में आए युवक का नाले में मिला शव, क्षेत्र में फैली सनसनी

  • ग्राम लिमरूआ के बोरिया नाला में संदिग्ध हालत में मिला मुगदरा निवासी तारेंद्र का शव
  • जांच में जुटी पुलिस

मंडला महावीर न्यूज 29. बम्हनी बंजर थाना क्षेत्र के अंतर्गत सोमवार सुबह एक युवक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। ग्राम लिमरूआ के बोरिया नाला में शव पड़ा होने की सूचना पर बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर एकत्रित हो गए। मृतक की पहचान ग्राम मुगदरा निवासी 35 वर्षीय युवक तारेंद्र यादव के रूप में की गई है।

सूचना मिलते ही बम्हनी बंजर थाना पुलिस की टीम तत्काल घटनास्थल पर पहुंची और शव का पंचनामा तैयार किया। थाना प्रभारी सत्येंद्र रघुवंशी ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि तारेंद्र यादव रविवार को ग्राम लिमरूआ में एक विवाह समारोह में शामिल होने आया था। वह देर रात तक शादी के कार्यक्रम में ही मौजूद था, लेकिन सोमवार सुबह से अचानक गायब था। परिजनों ने सुबह से ही उसकी हर जगह तलाश शुरू कर दी थी। जब उसका कहीं पता नहीं चला, तो परिजन गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराने बम्हनी थाना पहुंचे थे। इसी दौरान पुलिस को ग्राम लिमरूआ के बोरिया नाला में एक अज्ञात शव मिलने की सूचना प्राप्त हुई। परिजनों ने मौके पर पहुंचकर जब शिनाख्त की, तो वह शव तारेंद्र यादव का ही निकला।पुलिस ने मर्ग कायम कर शव को अपने कब्जे में ले लिया है और पोस्टमार्टम के लिए बम्हनी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेज दिया है। थाना प्रभारी के अनुसार, प्रथम दृष्टया मामला पूरी तरह संदिग्ध प्रतीत हो रहा है। मौत के वास्तविक और सटीक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने और पुलिस की विस्तृत जांच के बाद ही हो सकेगा। पुलिस फिलहाल सभी संभावित और संदेहास्पद पहलुओं को ध्यान में रखकर बारीकी से मामले की जांच कर रही है।


 

Leave a Comment