एक भूखे व्यक्ति से मिली प्रेरणा, अब जुड़ चुके हैं दर्जनों युवा
मंडला के सोशल मीडिया क्रिएटर्स की अनूठी मिसाल
- अन्नदान संगठन ने एक सप्ताह में बांटी 1000 से अधिक मुफ्त भोजन थाली
- कैबिनेट मंत्री संपतिया उईके और साध्वी ऋचा गोस्वामी ने युवाओं के संकल्प को सराहा
- आर्थिक सहयोग की जगह सिर्फ सेवा भाव पर दिया जोर
मंडला महावीर न्यूज 29. शास्त्रों में अन्नदान को महादान और भूखे को भोजन कराने को सबसे बड़ा पुण्य माना गया है। इसी सेवा भावना को आत्मसात करते हुए मंडला जिले के कुछ उत्साही सोशल मीडिया क्रिएटर्स और समाजसेवी युवाओं ने मिलकर अन्नदान संगठन की स्थापना की है। कोई भी जरूरतमंद रात को भूखा न सोए के दृढ़ संकल्प के साथ शुरू की गई इस मुहिम ने बेहद कम समय में नगर में एक नई मिसाल पेश की है।
जानकारी अनुसार इस मुहिम की शुरुआत की कहानी बेहद भावुक करने वाली है। संगठन के पदाधिकारियों ने बताया कि करीब एक सप्ताह पहले कुछ सोशल मीडिया क्रिएटर महिष्मती घाट पर बैठे थे, इसी दौरान एक असहाय और भूखा व्यक्ति उनके पास आया, जिसने संभवत: दो दिनों से कुछ नहीं खाया था। युवाओं ने तुरंत उसे भोजन कराया और उसी पल यह संकल्प लिया कि अब कोई भी असहाय रात को भूखा नहीं सोएगा। शुरुआत में इस संगठन में गिने-चुने युवा थे, लेकिन मात्र एक सप्ताह के भीतर इस पुनीत कार्य से करीब आधा सैकड़ा युवा और मातृशक्ति जुड़ चुके हैं।
नहीं लेते आर्थिक सहयोग
अन्नदान संगठन की सबसे खास बात यह है कि यह टीम किसी भी दानदाता से कोई नगद या आर्थिक सहयोग स्वीकार नहीं करती है। यदि कोई नगरवासी इस यज्ञ में अपना योगदान देना चाहता है, तो संगठन उनसे स्वयं आकर अपने हाथों से जरूरतमंदों को थाली वितरित करने का आग्रह करता है, जिसमें टीम उनका पूरा सहयोग करती है। इसके अलावा दानदाता अपने घर से तैयार भोजन भी भेज सकते हैं। सहयोग करने वाले दानदाताओं के नाम से ही भोजन थाली का वितरण किया जाता है, जिससे व्यवस्था में पूरी पारदर्शिता बनी रहे।
कैबिनेट मंत्री और साध्वी ऋचा गोस्वामी ने थपथपाई पीठ
युवाओं के इस सेवा भाव की चौतरफा सराहना हो रही है। महिष्मती घाट पहुंचीं मध्य प्रदेश शासन की कैबिनेट मंत्री श्रीमती संपतिया उईके ने युवाओं के इस प्रयास को देखकर उनकी जमकर पीठ थपथपाई। उन्होंने कहा कि युवाओं द्वारा शुरू की गई यह पहल अत्यंत वंदनीय है। समाज के हर वर्ग को आगे आकर इन युवाओं का हौसला बढ़ाना चाहिए ताकि यह मुहिम और व्यापक रूप ले सके। वहीं मंडला प्रवास पर आईं सुप्रसिद्ध कथावाचिका साध्वी ऋचा गोस्वामी भी महिष्मती घाट पर पंचकोशी महा आरती के दौरान इस नजारे को देख भावविभोर हो गईं। उन्होंने युवाओं से चर्चा कर उन्हें अपना आशीर्वाद दिया। इसके साथ ही साध्वी जी ने एक महत्वपूर्ण आग्रह करते हुए कहा कि अन्नदान के इस पावन कार्य के साथ-साथ मां नर्मदा तट पर प्रदूषण रोकने और घाटों को स्वच्छ रखने के लिए भी लोगों को जागरूक करें।
मात्र एक सप्ताह में 1000 से अधिक थालियों का वितरण
संगठन ने बताया कि सक्रियता के मात्र एक हफ्ते के भीतर ही वे करीब 1000 से अधिक जरूरतमंदों, असहायों और राहगीरों तक सम्मानपूर्वक भोजन की थाली पहुंचा चुके हैं। संगठन के सदस्यों ने नगरवासियों से अपील की है कि वे भी इस अन्नदान यज्ञ में सहभागी बनें और अपने आस-पास किसी भी व्यक्ति को भूखा न सोने दें।










