खेत तालाब और शेड निर्माण के नाम पर करोड़ों के कागजी विकास का आरोप

खेत तालाब और शेड निर्माण के नाम पर करोड़ों के कागजी विकास का आरोप

  • जनपद अध्यक्ष आसाराम भारतीया ने खोला मोर्चा
  • संचालित एनजीओ संस्थाओं के कार्यों की कलेक्टर से की जांच की मांग

मंडला महावीर न्यूज 29. निवास और नारायणगंज विकासखंड के अंतर्गत वाटरशेड के साथ विभिन्न गैर-सरकारी संगठनों द्वारा ग्रामीण विकास के नाम पर किए जा रहे कार्यों में भारी वित्तीय अनियमितता और भ्रष्टाचार का मामला सामने आया है। ग्राम सभा और ग्राम पंचायतों द्वारा पानी रोकने के लिए प्रस्ताव तो पारित कर दिए गए, लेकिन धरातल पर निर्माण कार्यों में घोर लापरवाही बरती जा रही है। इस घोटाले के विरोध में नारायणगंज जनपद पंचायत अध्यक्ष आसाराम भारतीया ने जिला कलेक्टर मंडला को पत्र लिखकर उच्च स्तरीय जांच की मांग की है।

जनपद अध्यक्ष ने अपने पत्र में तीखे आरोप लगाते हुए कहा है कि क्षेत्र में सक्रिय एनजीओ द्वारा तकनीकी प्राक्कलन के अनुसार तालाब निर्माण, उनकी लंबाई, चौड़ाई और गहरीकरण का कार्य नहीं कराया गया है। केवल कागजों में खानापूर्ति करके संबंधित लोगों की मिलीभगत से सरकारी राशि का आहरण कर लिया गया है और धरातल पर बंदरबांट की चर्चाएं आम हैं।

बिना सूचना पटल के लाखों का खेल 

शिकायत में बताया गया कि नारायणगंज विकासखंड के अंतर्गत चल रहे इन विकास कार्यों की देखरेख करने वाला कोई नहीं है। नियमों को ताक पर रखकर निर्माण स्थलों पर कोई सूचना बोर्ड या सूचना पटल नहीं लगाया गया है, जिससे ग्रामीणों को कार्य की लागत और तकनीकी विवरण की कोई जानकारी नहीं मिल पाती। अध्यक्ष आशाराम भारतीया ने बताया कि उद्योगिनी और प्रदान संस्था समेत अन्य संस्थाएं लगभग वर्ष 2013 से नारायणगंज के बबलिया क्षेत्र में काम कर रही हैं, लेकिन इतने लंबे समय के बाद भी धरातल पर कोई ठोस परिणाम दिखाई नहीं दे रहे हैं।

हितग्राहियों से लिए नक्शा-खसरा, पर मौके पर सब गायब 

शिकायत पत्र में वाटरशेड और आजीविका संवर्धन के नाम पर हुए घोटालों की जानकारी देते हुए बताया गया कि सूअर पालन, मुर्गा-मुर्गी पालन और बकरा-बकरी पालन के नाम पर केवल कागजों में शेड निर्माण दिखाकर राशि ठिकाने लगा दी गई। आम, जाम (अमरूद) के बगीचे, रतनजोत की खेती और पशुपालन के लिए स्वीकृत कार्य मौके से गायब हैं। स्थानीय गरीब किसानों से उनके खेतों के नक्शा-खसरा तो ले लिए गए, लेकिन आज तक एनजीओ के माध्यम से उन्हें किसी भी प्रकार का वास्तविक लाभ नहीं मिला।

उच्च स्तरीय जांच और दंडात्मक कार्रवाई की मांग 

जनपद अध्यक्ष आसाराम भारतीया ने कलेक्टर से मांग की है कि नारायणगंज और निवास विकासखंड में वाटरशेड सहित सक्रिय तमाम एनजीओ के पिछले वर्षों के कार्यों की भौतिक जांच कराई जाए। उन्होंने चेतावनी दी है कि जनता के हक के पैसे का दुरुपयोग करने वाली ऐसी संस्थाओं और दोषी अधिकारियों पर तत्काल कड़ी कानूनी व दंडात्मक कार्रवाई की जाए।


Leave a Comment