मंडला में डॉक्टरों का कमाल
बेजुबान खरगोश की आंख का सफल ऑपरेशन, मिली नई जिंदगी
- पशुपालन विभाग की संवेदनशीलता
- संक्रमण से गल चुकी थी पालतू खरगोश की आंख
- डॉक्टरों ने किया जटिल ऑपरेशन
मंडला महावीर न्यूज 29. पशुपालन एवं डेयरी विभाग मंडला के चिकित्सकों ने संवेदनशीलता और अपनी विशेषज्ञता का उत्कृष्ट उदाहरण पेश किया है। विभाग की एक विशेष मेडिकल टीम ने एक पालतू खरगोश की गंभीर नेत्र समस्या का सफलतापूर्वक ऑपरेशन कर उसकी जान बचाई है। इस जटिल शल्य चिकित्सा की क्षेत्र में काफी सराहना हो रही है।
छह महीने से संक्रमण से जूझ रहा था बेजुबान
जानकारी अनुसार स्थानीय निवासी श्री हेमराज नंदा के पालतू खरगोश की एक आंख में पिछले करीब 6-7 महीनों से गंभीर घाव था। लगातार बढ़ते संक्रमण के कारण खरगोश की एक आंख पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुकी थी। स्थिति इतनी नाजुक थी कि संक्रमण शरीर के अन्य आंतरिक हिस्सों में फैलने का खतरा बढ़ गया था, जिससे खरगोश की जान को खतरा था।
पॉलीक्लीनिक टीम ने तैयार किया सर्जरी प्लान
पशुपालक श्री नंदा ने दो दिन पूर्व सर्जरी विंग के प्रभारी डॉ. सुमित कुमार पटेल से संपर्क कर खरगोश की हालत बताई। इसके बाद पॉलीक्लीनिक चिकित्सालय की टीम ने खरगोश की विस्तृत जांच की और खतरे को भांपते हुए तत्काल शल्य चिकित्सा (सर्जरी) की योजना तैयार की।
सफल ऑपरेशन के बाद खरगोश स्वस्थ, पशुपालक ने जताया आभार
पूर्व निर्धारित योजना के अनुसार, बुधवार को विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम ने खरगोश का सफलतापूर्वक ऑपरेशन संपन्न किया। डॉक्टरों ने बताया कि ऑपरेशन के बाद खरगोश की स्थिति पूरी तरह सामान्य और स्वस्थ है। अपने पालतू पशु को ठीक होते देख पशुपालक श्री हेमराज नंदा ने डॉक्टरों की टीम के प्रति आभार व्यक्त करते हुए गहरी प्रसन्नता जताई है।
इस टीम का रहा विशेष योगदान
उपसंचालक, पशुपालन एवं डेयरी विभाग के कुशल मार्गदर्शन में यह जटिल ऑपरेशन सफल हो सका। इस सफल शल्य चिकित्सा में सर्जरी टीम के मुख्य सदस्य डॉ. सुमित कुमार पटेल, डॉ. श्रुति गौर एवं डॉ. ललित चौरसिया की अत्यंत महत्वपूर्ण और सराहनीय भूमिका रही।










