डिजिटल इंडिया की नई रफ्तार
यात्रियों की पहली पसंद बना रेलवन ऐप
- एक ही प्लेटफॉर्म पर टिकट बुकिंग से लेकर भोजन ऑर्डर करने तक की सुविधाएं
- दपूमरे नागपुर मंडल की अनूठी पहल
- काउंटरों पर क्यूआर कोड स्कैन कर डाउनलोड करें रेलवन ऐप
- डिजिटल भुगतान पर मिलेगी 3 प्रतिशत की छूट
मंडला महावीर न्यूज 29. भारतीय रेलवे द्वारा यात्रियों को आधुनिक, त्वरित और सुविधाजनक डिजिटल सेवाएं उपलब्ध कराने की दिशा में उठाया गया कदम तेजी से रंग ला रहा है। रेलवे द्वारा विकसित एकीकृत मोबाइल एप्लीकेशन रेलवन ऐप रेल यात्रियों के बीच बेहद लोकप्रिय हो रहा है। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे, नागपुर मंडल द्वारा किए जा रहे व्यापक प्रचार-प्रसार के चलते डिजिटल टिकटिंग का दायरा लगातार बढ़ रहा है और अब तक देश भर में करोड़ों यात्री इस ऐप का लाभ उठा रहे हैं।
एक ही ऐप में मिलेंगी रेलवे की तमाम सुविधाएं
पिछले वर्ष जुलाई में शुरू किए गए इस ऐप की सबसे बड़ी खासियत यह है कि यह यात्रियों को एक ही मंच पर कई महत्वपूर्ण सेवाएं रियल टाइम में प्रदान करता है। रेलवन ऐप की प्रमुख विशेषताओं में ऐप के माध्यम से यात्री आरक्षित, अनारक्षित और प्लेटफॉर्म टिकट आसानी से बुक कर सकते हैं। साथ ही टिकट कैंसिलेशन और रिफंड की प्रक्रिया भी बेहद सरल व तेज है। यात्री अपने मोबाइल पर ही पीएनआर स्टेटस, वेटिंग लिस्ट, लाइव ट्रेन रनिंग स्टेटस, ट्रेन के आगमन-प्रस्थान का समय, प्लेटफॉर्म नंबर और कोच पोजीशन जैसी सटीक जानकारियां देख सकते हैं।
समय की बचत के साथ मिलेगा पसंदीदा भोजन
घर बैठे या कहीं से भी टिकट बुक होने के कारण काउंटरों पर लगने वाली लंबी कतारों और भीड़ से राहत मिली है। यह ऐप पारदर्शी व्यवस्था को बढ़ावा देने के साथ ही खुल्ले पैसों के झंझट और जाली नोटों के खतरे से भी मुक्ति दिलाता है। यात्रा को और अधिक आरामदायक बनाने के लिए रेलवन ऐप के माध्यम से यात्री चलती ट्रेन में अपना पसंदीदा भोजन ऑर्डर कर सकते हैं, जिसे सीधे उनकी सीट तक पहुंचाया जाता है।
डिजिटल भुगतान पर 3 प्रतिशत की छूट
डिजिटल टिकटिंग को बढ़ावा देने के लिए रेलवे द्वारा एक विशेष ऑफर भी दिया जा रहा है। इसके तहत ऐप से अनारक्षित टिकट बुक कर डिजिटल भुगतान करने वाले यात्रियों को 3 प्रतिशत की विशेष छूट दी जा रही है, जो 14 जुलाई 2026 तक प्रभावी रहेगी।
नागपुर मंडल द्वारा स्टेशनों पर विशेष जागरूकता अभियान
वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक दिलीप सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि रेलवन ऐप भारतीय रेल की डिजिटल सेवाओं को एक मंच पर लाने की दिशा में एक बड़ी क्रांति है। नागपुर मंडल द्वारा यात्रियों को इस आधुनिक सुविधा से जोडऩे के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। मंडल द्वारा स्टेशनों के बुकिंग काउंटरों पर विशेष रेलवन ऐप स्टिकर लगाए गए हैं, जिन पर प्रदर्शित क्तक्र कोड को स्कैन करके यात्री सीधे ऐप डाउनलोड कर सकते हैं या टिकट बुक कर सकते हैं। इसके अलावा प्रमुख स्टेशनों के बुकिंग कार्यालयों में फ्लेक्स-बैनर लगाए गए हैं, पब्लिक एड्रेस सिस्टम से लगातार घोषणाएं की जा रही हैं, तथा वाणिज्य विभाग द्वारा हेल्प डेस्क लगाकर यात्रियों को जागरूक और प्रशिक्षित किया जा रहा है। सोशल मीडिया के माध्यम से भी इसका निरंतर प्रचार-प्रसार जारी है।










