हाइवे पर भीषण हादसा
बिछिया के पड़रिया में खड़े ट्रक से टकराई तेज रफ्तार कार, दो युवकों की मौत, दो गंभीर
- नेशनल हाइवे पर फिर बरपा काल
- टक्कर के बाद पलटी खाते हुए खेत में जा गिरी कार
मंडला महावीर न्यूज 29. जिले के बिछिया थाना क्षेत्र के अंतर्गत नेशनल हाइवे पर रविवार देर रात एक और दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। यहाँ सड़क किनारे खड़े एक खराब ट्रक से तेज रफ्तार कार पीछे से सीधे जा टकराई। इस भीषण भिड़ंत में कार सवार दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। हादसा इतना जोरदार था कि उसकी आवाज सुनकर आस-पास का इलाका कांप उठा।
बिछिया थाना पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार नेशनल हाइवे पर पड़रिया गांव स्थित गणेश पेट्रोल पंप के पास एक ट्रक खराब होने के कारण सड़क किनारे खड़ा था। इसी दौरान बिछिया की ओर आ रही एक तेज रफ्तार टियागो कार अनियंत्रित होकर ट्रक के पिछले हिस्से से बेहद हिंसक तरीके से टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह चकनाचूर हो गया और वाहन कई बार पलटी खाते हुए सड़क किनारे एक खेत में जा गिरा।
चीख-पुकार सुन दौड़े ग्रामीण, दो को डॉक्टरों ने घोषित किया मृत
हादसे के बाद कार में सवार चारों लोग वाहन के मलबे के अंदर बुरी तरह फंस गए और चीख-पुकार मच गई। आवाज सुनकर स्थानीय ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना देते हुए फंसे हुए लोगों को बाहर निकालने के काम में जुट गए।
अस्पताल में तोड़ा दम
सूचना मिलते ही बिछिया थाना पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। ग्रामीणों की मदद से सभी को तत्काल बिछिया अस्पताल पहुंचाया गया, जहाँ डॉक्टरों ने परीक्षण के बाद बिछिया निवासी चंद्रप्रकाश मरावी 30 वर्ष और निखिल 24 वर्ष को मृत घोषित कर दिया। वहीं इस हादसे में गंभीर रूप से घायल बालकिशन मरावी और भानू प्रताप का इलाज फिलहाल अस्पताल में जारी है।
हाइवे पर यमराज बन रहे बिना बैकलाइट के खड़े ट्रक
इस हादसे ने एक बार फिर नेशनल हाइवे पर भारी वाहनों की लापरवाही को उजागर कर दिया है। स्थानीय लोगों और वाहन चालकों का कहना है कि हाइवे पर किनारे खड़े होने वाले अधिकांश ट्रकों और भारी वाहनों की बैकलाइट या तो बंद रहती है या खराब होती है। रात के अंधेरे में तेज रफ्तार से आने वाले वाहन चालकों को यह अंदाजा ही नहीं हो पाता कि आगे कोई वाहन खड़ा है। जब तक चालक को वाहन के खड़े होने का पता चलता है, तब तक दुर्घटना हो चुकी होती है। क्षेत्र में होने वाली आधा सैकड़ा से अधिक दुर्घटनाओं की मुख्य वजह यही लापरवाही बनी हुई है।
शव परिजनों को सौंपे, जांच जारी
बिछिया थाना प्रभारी रंजीत सैयाम ने बताया कि सोमवार को दोनों मृतकों के शवों का पोस्टमार्टम कराने के बाद उन्हें अंतिम संस्कार के लिए परिजनों को सौंप दिया गया है। पुलिस ने मर्ग कायम कर लिया है और दुर्घटना के सही कारणों की गहराई से जांच कर रही है।










