सिद्धेश्वर धाम सुरंगदेवरी में सोमवती अमावस्या पर महाअनुष्ठान
संकटमोचन की महाआरती में उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब
- जन कल्याण और कष्ट निवारण के लिए हुआ भव्य यज्ञ
- आस्था और कष्ट निवारण का केंद्र बना सिद्धेश्वर धाम
- पंडित ललित नारायण मिश्रा के सानिध्य में हुआ भव्य यज्ञ
मंडला महावीर न्यूज 29. जिले के सुरंगदेवरी स्थित सुप्रसिद्ध आध्यात्मिक केंद्र श्री सिद्धेश्वर धाम में सोमवती अमावस्या के पावन अवसर पर भव्य हवन-पूजन और विशेष धार्मिक अनुष्ठानों का आयोजन किया गया। इस दुर्लभ संयोग पर आयोजित महाअनुष्ठान में मंडला जिले सहित दूर-दराज के क्षेत्रों से आए बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने हिस्सा लिया और पुण्य लाभ कमाया।
सिद्धेश्वर धाम के साईं भक्त पंडित ललित नारायण मिश्रा के सानिध्य में सुबह तड़के 5 बजे से ही धार्मिक अनुष्ठानों का सिलसिला शुरू हो गया। क्षेत्रवासियों की सुख-समृद्धि, उन्नति और लोगों को उनकी शारीरिक व मानसिक परेशानियों से निजात दिलाने के उद्देश्य से एक भव्य यज्ञ का आयोजन किया गया। इस दौरान मुख्य यजमानों सहित उपस्थित श्रद्धालुओं ने आहुतियां डालीं, जिससे पूरा परिसर वैदिक मंत्रोच्चार और धार्मिक जयकारों से गुंजायमान हो उठा।
होती है सटीक भविष्यवाणी और संकटों का समाधान
धाम के शिष्यों ने बताया कि श्री सिद्धेश्वर धाम में समय-समय पर ऐसे जन-कल्याणकारी कार्यक्रम निरंतर आयोजित किए जाते हैं। इस दरबार की सबसे बड़ी विशेषता यह है कि यहाँ आने वाले दुखी और पीडि़त श्रद्धालुओं की तकलीफों का तत्काल निवारण किया जाता है। विशेष अवसरों पर पंडित ललित नारायण मिश्रा द्वारा की जाने वाली सटीक भविष्यवाणियों के माध्यम से लोगों को अपने जीवन के संकटों और झंझटों से उबरने का सही मार्ग मिलता है, यही वजह है कि इस केंद्र पर भक्तों की अगाध आस्था है।
हनुमान जी की महाआरती के बाद वितरित हुआ विशाल प्रसाद
सुबह 5 बजे सिद्धेश्वर धाम के समीप विराजित संकटमोचन श्री हनुमान जी महाराज के दरबार में शुरू हुए इस अनुष्ठान का समापन भव्य महाआरती के साथ हुआ। महाआरती में उपस्थित विशाल जनसमुदाय और मातृशक्ति ने एक साथ सम्मिलित होकर भगवान का आशीर्वाद लिया। कार्यक्रम के सफल समापन के बाद सभी भक्तों को विशेष महाप्रसाद वितरित किया गया।










