पति की लंबी उम्र और सुख-समृद्धि के लिए सुहागिनों ने ली तुलसी की 108 परिक्रमा

पति की लंबी उम्र और सुख-समृद्धि के लिए सुहागिनों ने ली तुलसी की 108 परिक्रमा

  • सोमवती अमावस्या पर उमड़ा आस्था का सैलाब
  • मंडला के माहिष्मती घाट और मंदिरों में महिलाओं ने किया विधि-विधान से पूजन

मंडला महावीर न्यूज 29. जिले सहित ग्रामीण अंचलों में सोमवार को सोमवती अमावस्या का पर्व अत्यंत श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ मनाया गया। इस विशेष और पवित्र दिन पर सुहागिन महिलाओं ने अपने परिवार की सुख-समृद्धि, खुशहाली और पति की लंबी उम्र के लिए उपवास रखा और पवित्र देव स्थानों पर जाकर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की।सोमवती अमावस्या के अवसर पर सुबह से ही माँ नर्मदा के माहिष्मती घाट, संगम घाट, गऊ घाट, समेत सभी नर्मदा तटों और धार्मिक स्थलों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ देखी गई। ग्रामीण क्षेत्रों में भी सोमवार सुबह से ही महिलाओं में पूजा-पाठ को लेकर खासा उत्साह नजर आया। अलग-अलग समूहों में एकत्रित होकर महिलाओं ने पूरी श्रद्धा और भाव के साथ आराधना की।

महिलाओं ने ली 108 परिक्रमा 

इस पावन दिन पर महिलाओं ने व्रत रखकर विशेष अनुष्ठान किए। पूजन के दौरान महिलाओं ने धूप, दीप, रोली, अक्षत और नैवेद्य अर्पित कर प्रभु का आशीर्वाद लिया। बताया गया कि सोमवती अमावस्या के निमित्त महिलाओं ने सुख-समृद्धि और अखंड सौभाग्य की कामना के साथ आंवला, तुलसी और अन्य पवित्र वृक्षों की 108 बार परिक्रमा की और रक्षा सूत्र बांधा।

सोमवती अमावस्या की धार्मिक मान्यता 

पौराणिक मान्यताओं के अनुसार सोमवती अमावस्या के दिन मौन रहकर और विधि-विधान से पूजा और परिक्रमा करने से जीवन में आने वाली सभी अदृश्य बाधाएं दूर होती हैं। ऐसा करने से परिवार में सुख-शांति का वास होता है, धन-धान्य की प्राप्ति होती है और पितरों का आशीर्वाद भी मिलता है। यही कारण है कि सुबह से ही नगर और ग्रामीण क्षेत्रों के पूजा स्थलों पर महिला उपासकों का तांता लगा रहा।


Leave a Comment