एक महीने में ही उखड़ी डामर की परत, सड़क पर उभरे गहरे गड्ढे

नैझर-पडरी तलाई मार्ग पर आरईएस विभाग का कारनामा

एक महीने में ही उखड़ी डामर की परत, सड़क पर उभरे गहरे गड्ढे

  • अधिकारियों और ठेकेदार की मिलीभगत से गुणवत्ताविहीन निर्माण का आरोप
  • बिना सूचना बोर्ड के खपा दी लाखों की राशि, जनपद अध्यक्ष ने कलेक्टर से की शिकायत

मंडला महावीर न्यूज 29. ग्रामीण यांत्रिकी सेवा विभाग द्वारा नारायणगंज विकासखंड के अंतर्गत ग्राम पंचायत नैझर से पडरी तलाई पहुंच मार्ग तक बनाई गई नई डामर सड़क भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ गई है। निर्माण कार्य पूरा होने के महज एक महीने के भीतर ही सड़क की डामर पूरी तरह उखड़ चुकी है और पूरी सड़क गड्ढों में तब्दील हो गई है। ग्रामीणों की भारी शिकायतों के बाद जनपद पंचायत अध्यक्ष आसाराम भारतीया ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जमीनी मुआयना किया।

लाखों की लागत, लेकिन निर्माण स्थल से सूचना बोर्ड गायब 

सड़क निर्माण में पारदर्शिता को पूरी तरह ताक पर रख दिया गया है। नियम के विपरीत इस निर्माण कार्य का कहीं भी आधिकारिक सूचना बोर्ड नहीं लगाया गया है। बोर्ड न होने के कारण ग्रामीणों को कार्य की कुल लागत, स्वीकृत राशि, सड़क की कुल लंबाई-चौड़ाई और डामरीकरण की मोटाई जैसी किसी भी तकनीकी विवरण की जानकारी नहीं दी गई है। इसे सीधे तौर पर वित्तीय अनियमितता को छिपाने का प्रयास माना जा रहा है।

अधिकारियों और ठेकेदार की साठगांठ से हुआ घटिया निर्माण 

निरीक्षण के दौरान जनपद अध्यक्ष आशाराम भारतीया ने स्थानीय ग्रामीण विनोद सिंह भवेदी से मौके की विस्तृत जानकारी ली। विनोद सिंह सहित अन्य ग्रामीणों ने तीखे आरोप लगाते हुए बताया कि ठेकेदार और विभागीय अधिकारियों की मिलीभगत के कारण बेहद घटिया स्तर का निर्माण कार्य किया गया है। सड़क का साइड शोल्डर और अर्थ वर्क भी तकनीकी प्राक्कलन के अनुसार नहीं किया गया है। पहली बारिश के बाद ही इस सड़क पर पैदल चलना भी दूभर हो जाएगा।

जनपद अध्यक्ष ने कलेक्टर से की तत्काल पुर्ननिमाण की मांग 

सड़क की बदहाली और मौके पर मिलीं भारी अनियमितताओं को गंभीरता से लेते हुए जनपद अध्यक्ष आसाराम भारतीया ने नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने तत्काल इस पूरे घोटाले की शिकायत जिला कलेक्टर मंडला से की है। जनपद अध्यक्ष ने कलेक्टर को पत्र सौंपकर मांग की है कि इस भ्रष्टाचार की उच्च स्तरीय जांच कराई जाए, दोषियों पर कड़ी कार्रवाई हो और संबंधित ठेकेदार से इस पूरी सड़क का तत्काल नए सिरे से गुणवत्तापूर्ण फिर से निर्माण कराया जाए।


Leave a Comment