भीषण सड़क हादसा
सूअर के टकराने के बाद सड़क पर गिरे दो युवक, अज्ञात वाहन ने कुचला
- 15 वर्षीय किशोर की दर्दनाक मौत, नैनपुर क्षेत्र में दर्दनाक हादसा
- पिंडरई चौकी के तुमेगांव घाट और भैंसवाही के बीच दिल दहला देने वाली घटना
मंडला महावीर न्यूज 29. थाना क्षेत्र नैनपुर के अंतर्गत आने वाली पिंडरई चौकी के पास एक बेहद दर्दनाक और विचलित कर देने वाला सड़क हादसा हुआ। यहाँ एक मोटरसाइकिल पर सवार दो युवक अचानक रास्ते में सूअर से टकराकर सड़क पर गिर गए, जिसके तुरंत बाद पीछे से आ रहे एक अज्ञात वाहन ने उन्हें कुचल दिया। इस दिल दहला देने वाले हादसे में 15 वर्षीय एक किशोर की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि दूसरा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया है।
सूअर से टकराकर सड़क पर गिरे थे दोनों
जानकारी अनुसार केवलारी थाना क्षेत्र के ग्राम छिंदा निवासी दो युवक सोहेब मंसूरी और अमन मंसूरी एक ही मोटरसाइकिल पर सवार होकर अपने घर से किसी काम के लिए निकले थे। जैसे ही वे नैनपुर थाना क्षेत्र में पिंडरई चौकी के अंतर्गत आने वाले तुमेगांव घाट और भैंसवाही के बीच पहुंचे, तभी अचानक उनकी बाइक के सामने एक सूअर आ गया। रफ्तार तेज होने के कारण बाइक सीधे सूअर से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि सूअर की मौके पर ही मौत हो गई और दोनों युवक गंभीर रूप से चोटिल होकर सड़क पर गिर पड़े।
पीछे से आई गाड़ी ने रौंदा, मौके पर थमी सांसें
घटना के संबंध में बताया गया कि दोनों युवक अभी सड़क पर गिरकर संभल भी नहीं पाए थे कि इसी बीच वहां से गुजर रहे एक तेज रफ्तार वाहन ने सड़क पर पड़े दोनों बच्चों को बेरहमी से कुचल दिया। यह हादसा इतनी तेजी से घटा कि दोनों को संभलने का मौका ही नहीं मिला। वाहन का पहिया सिर पर चढ़ने के कारण 15 वर्षीय सोहेब मंसूरी का चेहरा बुरी तरह कुचल गया और उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया। वहीं, हादसे में दूसरा युवक अमन मंसूरी गंभीर रूप से घायल हो गया है।
- मृतक: सोहेब मंसूरी (पिता नसीब मंसूरी), उम्र 15 वर्ष, निवासी- ग्राम छिंदा, थाना केवलारी।
- घायल: अमन मंसूरी (पिता इजराइल मंसूरी), उम्र 19 वर्ष, निवासी- ग्राम छिंदा, थाना केवलारी।
पुलिस ने वाहन को कब्जे में लिया, जांच शुरू
हादसे की सूचना मिलते ही पिंडरई चौकी पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया और घायल अमन को तुरंत नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बताया जा रहा है कि जिस गाड़ी से यह भीषण टक्कर हुई, उसे पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए पिंडरई चौकी में खड़ा करवा लिया है। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की विस्तृत जांच शुरू कर दी है। इस दर्दनाक घटना के बाद से ग्राम छिंदा और पीड़ित परिवार में मातम का माहौल है।










