मंडला-जबलपुर नेशनल हाईवे पर लगा जाम
डिवाइडर पर फंसा भारी-भरकम ट्राला
- उदयपुर के पास एक घंटे थमा रहा यातायात
- एम्बुलेंस भी फंसी जाम में, बड़ी मशक्कत के बाद निकाला गया जाम से
- क्रेन की मदद से रेस्क्यू कर बहाल कराया गया सुचारू आवागमन
मंडला महावीर न्यूज 29. मंडला-जबलपुर नेशनल हाईवे-30 पर स्थित ग्राम उदयपुर में एक भारी-भरकम ट्राला डिवाइडर पर फंस जाने के कारण यातायात व्यवस्था करीब एक घंटे तक प्रभावित रहा। गनीमत यह रही कि इस घटना के दौरान किसी भी प्रकार की जनहानि नहीं हुई और एक बड़ा हादसा टल गया। लेकिन इस जाम में एक एम्बुलेंस फंस गई, जिसे बीजाडांडी पुलिस द्वारा जाम से निकाला गया।
जानकारी अनुसार एनएच 30 मार्ग ग्राम उदयपुर में संचालित एक फैक्ट्री से लोहे की भारी-भरकम पटरी नुमा पाट लोड करके एक ट्राला अपने गंतव्य की ओर रवाना हो रहा था। जैसे ही चालक ने ट्राला को हाईवे के मुख्य मार्ग की ओर मोड़ा, इसी दौरान हाईवे के बीचो-बीच बने डिवाइडर को क्रॉस करने के दौरान वाहन का संतुलन बिगड़ गया और भारी लोड होने की वजह से ट्राला डिवाइडर साइड ही फंस गया।
क्रेन से निकाला गया वाहन, कोई हताहत नहीं
बीच हाईवे पर ट्राला के फंस जाने के कारण दोनों ओर से आने-जाने वाले वाहनों की रफ्तार थम गई और कुछ ही देर के लिए जाम लग गया। मामले की संवेदनशीलता और हाईवे पर बढ़ते ट्रैफिक दबाव को देखते हुए तत्काल सक्रियता से मौके पर एक क्रेन की व्यवस्था की गई। क्रेन की मदद से काफी मशक्कत के बाद इस भारी-भरकम ट्राला को डिवाइडर से सुरक्षित बाहर निकाला गया। इसके बाद हाईवे पर फंसे वाहनों को रवाना कर यातायात को पुन: सुचारू कराया गया। राहत की बात यह है कि इस पूरी घटना में न तो किसी को चोट आई और न ही कोई अन्य नुकसान हुआ।
जाम में फंसी एम्बुलेंस
बताया गया कि ट्राला के फंसने के कारण हाईवे मार्ग में दोनों तरफ लंबा जाम लग गया। जाम करीब एक घंटे तक रहा, जिससे यातायात प्रभावित रहा। जाम लगने के कारण एक एम्बुलेंस भी इस जाम में फंस गई। एम्बुलेंस में एक मरीज था, जिसकी हालत नाजुक थी। जाम को खुलवाने का प्रयास कर रही बीजाडांडी पुलिस और स्थानीय लोगों की नजर जैसे ही एम्बुलेंस में पड़ी तो तत्काल सूझबूझ से एम्बुलेंस को इस जाम में जगह बनाकर एम्बुलेंस को सुरक्षित जाम से बाहर निकाला गया। जिसके बाद मरीज को लेकर एम्बुलेंस आगे गई।









